सुपौल: वीरपुर में जल्द शुरू होगी 70 सीटर विमान सेवा, रेल परियोजना की सर्वे रिपोर्ट का इंतजार
वीरपुर में अब 20 सीटर के बजाय 70 सीटर विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण ...और पढ़ें

सुपौल: वीरपुर में जल्द शुरू होगी 70 सीटर विमान सेवा, रेल परियोजना की सर्वे रिपोर्ट का इंतजार (AI Generated Image)
HighLights
वीरपुर हवाई अड्डे पर अब 70 सीटर विमान सेवा होगी शुरू।
ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना की सर्वे रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार।
सांसद दिलेश्वर कामैत ने कनेक्टिविटी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। सीमावर्ती क्षेत्र वीरपुर की वर्षों पुरानी कनेक्टिविटी की समस्या दूर होने की दिशा में अब उम्मीद जगी है। हवाई और रेल संपर्क को लेकर चल रही दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तेजी आने के संकेत मिले हैं। क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे सांसद दिलेश्वर कामैत ने वीरपुर हवाई अड्डे और ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डा से प्रस्तावित 20 सीटर विमान के बजाय 70 सीटर विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। वहीं, ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना के सर्वे की रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने कोसी निरीक्षण भवन में एसडीएम वीरपुर विनय कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में वीरपुर हवाई अड्डे और ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से दोनों परियोजनाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद ने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डे के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पहले यहां 20 सीटर विमान सेवा शुरू करने की योजना थी, लेकिन अब योजना में बदलाव करते हुए 70 सीटर विमान के संचालन की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर जल्द ही एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगले छह से आठ माह में हवाई सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वीरपुर और आसपास के लोगों को जल्द विमान सेवा का लाभ मिले, इसके लिए लगातार प्रयास जारी है: सांसद
सांसद ने कहा कि वीरपुर और आसपास के लोगों को जल्द विमान सेवा का लाभ मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ललितग्राम-वीरपुर बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना को लेकर भी सांसद ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि परियोजना का सर्वे करने वाली कंपनी से सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ललितग्राम और वीरपुर के बीच प्रस्तावित रेल लाइन में किन-किन स्थानों पर स्टेशन बनाए जाएंगे, कुल कितने स्टेशन होंगे और वीरपुर स्टेशन का स्थान कहां निर्धारित किया जाएगा, इसकी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
सांसद ने कहा कि सर्वे टीम की रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट सामने आने के बाद रेल परियोजना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी लोगों के सामने आ सकेगी।
सांसद ने कहा कि उनके कार्यकाल के अभी करीब तीन वर्ष बाकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस अवधि में ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना के काम को पूरा कराने में सफलता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वीरपुर में हवाई और रेल कनेक्टिविटी की दोनों परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हवाई सेवा शुरू होने से लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी।
वहीं, ललितग्राम-वीरपुर रेल संपर्क बहाल होने से आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब लोगों की नजर हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की अगली प्रक्रिया और ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना की सर्वे रिपोर्ट पर टिकी है।
यदि दोनों परियोजनाओं का काम निर्धारित गति से आगे बढ़ता है तो आने वाले समय में वीरपुर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
