सुपौल में जेल से छूटते ही बेटे का खूनी खेल, डंडे से पीटकर पिता की हत्या और मां को किया घायल
सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में जेल से छूटे एक कलयुगी बेटे ने अपने 55 वर्षीय पिता मोहम्मद शौकत खान ...और पढ़ें

पिता की हत्या की घटना के बाद अस्पताल में जुटे ग्रामीण और पुलिसकर्मी।
HighLights
जेल से छूटते ही बेटे ने पिता की डंडे से हत्या की।
आरोपी बेटे ने मां को भी गंभीर रूप से घायल किया।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अहमद को तुरंत गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, पिपरा (सुपौल)। पिपरा थाना क्षेत्र के ठढ़ी भवानीपुर पंचायत के वार्ड नंबर 3 में सोमवार की सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक कलयुगी पुत्र पर अपने ही 55 वर्षीय पिता मोहम्मद शौकत खान पर घर के फाटक का डंडा तोड़कर हमला करने और उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।
इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने पहुंची मां असकारा के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान अवस्था में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद शौकत खान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह मोहम्मद शौकत खान अपने घर में चैन की नींद सो रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र मोहम्मद अहमद वहां पहुंचा और कथित तौर पर घर का चदरे का फाटक तोड़कर अंदर घुस गया।
इसके बाद उसने दरवाजे की डंडे से अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़े। शोर सुनकर जब उनकी मां असकारा बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।
चोरी के मामले में जेल से रविवार को ही छूटकर आया था आरोपी
मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी पुत्र मोहम्मद अहमद चोरी के एक पुराने मामले में जेल में बंद था और वह ठीक एक दिन पहले यानी रविवार को ही जेल से छूटकर अपने घर वापस आया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि वह नशे की हालत में था और इसी सनक के दौरान उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मोहम्मद शौकत खान को उपचार के लिए फौरन पिपरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत करार दिया।
इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दर्दनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है।
"पिपरा थाना क्षेत्र के ठढ़ी भवानीपुर में पुत्र द्वारा पिता की हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी पुत्र मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है और एफएसएल टीम जांच कर रही है।"
— किशोर कुमार, थानाध्यक्ष, पिपरा (सुपौल)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।