Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुपौल : 7 वर्षीय भतीजी के सिर को धड़ से कर दिया अलग, पिता के साथ दूध लेकर आ रही प्रीति पर चाचा ने कुदाल से किए 20 वार

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 08:25 PM (GMT+05:30)

    सुपौल में एक दिल दहला देने वाली घटना में, एक सनकी चाचा ने अपनी सात वर्षीय भतीजी प्रीति कुमारी की कुदाल से निर्मम हत्या कर दी, जिससे उसका सिर धड़ से अल ...और पढ़ें

    सुपौल में चाचा ने कुदाल से काटकर मासूम को उतारा मौत के घाट

    सुपौल में चाचा ने कुदाल से काटकर मासूम को उतारा मौत के घाट

    HighLights

    1. सात वर्षीय मासूम प्रीति की चाचा ने कुदाल से हत्या की।

    2. पुरानी रंजिश में सिर धड़ से अलग कर दिया गया।

    3. आरोपी राजू साह गिरफ्तार, डीआईजी ने फांसी का आश्वासन दिया।

    जागरण संवाददाता, सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा गांव (वार्ड संख्या आठ) से दिल दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां गुरुवार की देर रात एक सनकी युवक ने अपने ही सगे भाई की सात वर्षीय मासूम बेटी की कुदाल से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया है तथा मृतका के स्वजन सदमे में हैं और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

    दूध लेकर लौट रही मासूम प्रीति पर अचानक किया वार

    जानकारी के अनुसार, परसरमा गांव निवासी शंभू साह गुरुवार की देर शाम अपनी साइकिल पर घास लादकर अपने बेटे और सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के साथ गांव से ही दूध लेकर घर लौट रहे थे। शंभू साह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि उनकी मासूम बेटी प्रीति हाथ में दूध की बोतल लिए पिता के पीछे-पीछे आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उनका चचेरा भाई राजू साह अचानक हाथ में तेज धारदार कुदाल लेकर वहां पहुंचा और मासूम बच्ची पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा।

    Supaul Uncle Murders 7 Year Old Niece with Spade Head Severed (1)

    कुदाल से किए 20 वार, धड़ से अलग हुई गर्दन

    आरोपी राजू साह ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मासूम बच्ची पर कुदाल से करीब 20 बार वार किए, जिससे बच्ची की गर्दन धड़ से अलग हो गई। मासूम प्रीति ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जिसके बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी तुरंत भागकर अपने ही घर के अंदर जाकर छिप गया। कुछ ही देर में इस भयावह कृत्य की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए आरोपी के घर को फूंक दिया।

    दादी पर भी किया था हमला, पुरानी रंजिश में ली जान

    शव के पास विलाप कर रहे पीड़ित पिता शंभू साह ने बताया कि आरोपी राजू साह बेहद सनकी मिजाज का है और वह पहले भी उनके परिवार के साथ मारपीट कर चुका है। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले आरोपी ने बच्ची की दादी और माता-पिता को भी बेरहमी से पीटा था, जिसकी रंजिश वह मन में पाले हुए था। ग्रामीणों ने बताया कि वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर पूरे मोहल्ले से उलझता रहता था और इस बार उसने अपनी पुरानी खुन्नस निकालने के लिए मासूम को निशाना बनाया।

    खबरें और भी

    Supaul Uncle Murders 7 Year Old Niece with Spade Head Severed (2)

    भारी पुलिस बल तैनात, आरोपी राजू साह गिरफ्तार

    आरोपी के घर में आगजनी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित किया और घर में छिपे मुख्य आरोपी राजू साह को सुरक्षित अपनी कस्टडी में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    Supaul Uncle Murders 7 Year Old Niece with Spade Head Severed (3)

    स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को दिलवाएंगे फांसी : डीआईजी

    हत्याकांड की भयावहता को देखते हुए शुक्रवार को कोसी प्रमंडल के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष तुरंत पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। डीआईजी ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और जघन्य बताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हर संभव सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) के माध्यम से न्यायालय से आरोपी को कठोरतम सजा (फांसी) दिलाने का प्रयास करेगी, वहीं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किए हैं।

    यह भी पढ़ें- सुपौल में खूनी खेल! रास्ते में घेरकर 20 साल के नीतीश के काट डाले दोनों हाथ, अस्पताल में तड़प-तड़पकर चली गई जान