Supaul Delhi Train: वैशाली एक्सप्रेस में कंफर्म टिकट के लिए जद्दोजहद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ललितग्राम और राघोपुर के यात्रियों को दिल्ली के लिए वैशाली एक्सप्रेस में कंफर्म टिकट मिलने में भारी परेशानी हो रही है, जिससे उन्हें दूर के स्टेशनों से ...और पढ़ें

वैशाली एक्सप्रेस में कंफर्म टिकट के लिए जद्दोजहद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल)। कोसी क्षेत्र के ललितग्राम और राघोपुर इलाके के यात्रियों के लिए राजधानी दिल्ली तक की यात्रा लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ललितग्राम से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वैशाली एक्सप्रेस में कंफर्म टिकट मिलना अब यात्रियों के लिए किसी बड़ी जद्दोजहद से कम नहीं रह गया है।
आरक्षण विंडो खुलते ही कुछ ही घंटों में सीटें वेटिंग और आरएसी में तब्दील हो जाती हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि क्षेत्र के लोगों को मजबूरी में दूसरे दूरस्थ स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय के साथ-साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।
खासकर नौकरीपेशा और छात्र वर्ग इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इधर, रेलवे द्वारा शुरू की गई सुपौल-नई दिल्ली ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन से यात्रियों में कुछ हद तक उम्मीद जगी है।
हालांकि ललितग्राम, राघोपुर और सरायगढ़ क्षेत्र के लोग इस पहल से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक इस स्पेशल ट्रेन का विस्तार ललितग्राम तक नहीं किया जाता, तब तक क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
इंटरनेट मीडिया पर तेज हुआ अभियान
इस मुद्दे को लेकर अब इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर भी अभियान तेज हो गया है। स्थानीय लोग और विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार इस मांग को उठा रहे हैं कि सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को ललितग्राम तक विस्तारित किया जाए, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को सीधी रेल सेवा मिल सके।
खबरें और भी
सांसद ने भी उठाई मांग
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से सांसद दिलेश्वर कामैत ने भी बीते माह रेल मंत्रालय के समक्ष ललितग्राम से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग रखी थी। इसके बाद से स्थानीय लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
कनेक्टिविटी बढ़ने से विकास को मिलेगा बल
स्थानीय निवासी मयंक गुप्ता, नंदन झा, निखिल झा, बदल कुमार, रंजीत झा, विकास झा, छोटू कुमार, रवि गुप्ता व मनीष गुप्ता सहित अन्य लोगों का कहना है कि यदि स्पेशल ट्रेन का विस्तार ललितग्राम तक कर दिया जाता है, तो न केवल ट्रेनों में भीड़ कम होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, रोजगार और समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
लोगों का मानना है कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से सुपौल जिले के एक बड़े हिस्से को सीधा लाभ मिलेगा और दिल्ली जैसे महानगरों से संपर्क पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा।