वैष्णो देवी जाना होगा आसान: कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ललितग्राम तक विस्तार, बिहारियों ने रेल मंत्री को भेजा पत्र
राघोपुर सहित कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों ने वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार ललितग्राम तक करने की ...और पढ़ें

Katra Superfast Express Extension: कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ललितग्राम तक विस्तार करने की मांग, कोसी-सीमांचल के लोगों ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
HighLights
वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का ललितग्राम तक विस्तार मांगा।
कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ।
धार्मिक पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा।
संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के साथ-साथ प्रतापगंज, भपटियाही, सरायगढ़, छातापुर, वीरपुर सहित पूरे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों ने रेल मंत्रालय और स्थानीय सांसदों से माता वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार सुपौल जिले के अंतिम छोर स्थित ललितग्राम रेलवे स्टेशन तक करने की पुरजोर मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण ट्रेन को कोसी क्षेत्र से सीधे जोड़ने पर लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
सुपौल जिले के ललितग्राम रेलवे स्टेशन तक माता वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार करने की उठी मांग
राघोपुर, प्रतापगंज, सरायगढ़, छातापुर, वीरपुर सहित कोसी-सीमांचल के श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
वर्तमान में दर्शन के लिए पटना या बेगूसराय जाने की मजबूरी; ट्रेन चलने से समय और अतिरिक्त किराए की होगी बचत
सांसद दिलेश्वर कामैत, सांसद पप्पू यादव और रेल मंत्री से क्षेत्रवासियों ने की पहल करने की अपील
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि कटरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार ललितग्राम तक कर दिया जाता है, तो ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़, सुपौल और सहरसा समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में इस क्षेत्र के श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बेगूसराय, पटना अथवा अन्य दूर-दराज के जंक्शनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे यात्रियों का समय और अतिरिक्त धन दोनों खर्च होता है। ललितग्राम से सीधी सेवा शुरू होने पर कोसी-सीमांचल को जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के लिए सीधा रेल विकल्प मिल जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस ट्रेन सेवा के विस्तार से कोसी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर वर्ष माता के दर्शन के लिए जाते हैं, जिन्हें सीधी ट्रेन मिलने से सुगम सफर का लाभ मिलेगा।
व्यापारिक संबंध होंगे मजबूत
इसके साथ ही उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक शहरों के साथ इस इलाके के व्यापारिक व सामाजिक संबंध भी मजबूत होंगे। पर्व-त्योहारों जैसे छठ, दुर्गा पूजा, दीपावली और गर्मी की छुट्टियों के दौरान उत्तर भारत जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में ललितग्राम से इस सुपरफास्ट ट्रेन का परिचालन शुरू होने पर यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेल मंत्री और सांसदों से लगाई गुहार
क्षेत्र के लोगों ने सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और केंद्रीय रेल मंत्री से इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। लोगों का कहना है कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र लंबे समय से बेहतर लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी की राह देख रहा है, ऐसे में इस ट्रेन का विस्तार क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
