पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक बनेगा 50 किमी लंबा कांवड़िया पथ; मंत्री बोले- सुल्तानगंज की तर्ज पर निर्माण
शिवभक्त कांवरियों की सुविधा के लिए पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक 50 किलोमीटर लंबा कच्चा कांवड़िया पथ बनाया जाएगा। बिहार के पथ निर्माण मंत्री कु ...और पढ़ें

पहलेजा घाट से गरीबनाथ मंदिर तक कांवड़िया पथ बनाने पर मंत्री ने किया मंथन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
50 किमी लंबा कच्चा कांवरिया पथ बनेगा।
पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक।
पथ निर्माण मंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। शिवभक्त कांवरियों की सुविधा के लिए पहलेजा घाट धाम से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक छह मीटर चौड़ा स्थायी कच्चा कांवड़िया पथ बनाया जाएगा।
गुरुवार को पहलेजा घाट पहुंचे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्रावण मास में शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंत्री ने गुरुवार को पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कांवड़िया पथ का जायजा लिया।
एनएचएआई की जमीन पर बनेगी सड़क
साफ-सफाई और वर्तमान व्यवस्थाओं का विभागीय अधिकारियों तथा एनएचएआई के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सफाई, आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सुल्तानगंज की तर्ज पर पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक लगभग 50 किलोमीटर लंबा और छह मीटर चौड़ा स्थायी कच्चा कांवड़िया पथ एनएचएआई की भूमि पर विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
प्रोजेक्ट के लिए मंत्री ने दिए निर्देश
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कागजी और विभागीय प्रक्रियाएं तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक कांवर यात्रा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उनकी यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कांवड़िया पथ भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।