विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रशांत किशोर के सामने राघोपुर में भिड़े BJP और JDU नेता, जमकर चले लात-घूंसे; जदयू प्रदेश सचिव की टूटी नाक 

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:34 PM (IST)Updated: Sun, 25 Oct 2026 08:41 PM (IST)

राघोपुर में नाव हादसे के दशकर्म में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई।

रामपुर श्यामचंद में घायल जदयू नेता व स्थानीय लोग। (जागरण)

रामपुर श्यामचंद में घायल जदयू नेता व स्थानीय लोग। (जागरण)

HighLights

  1. भाजपा-जदयू कार्यकर्ता प्रशांत किशोर के सामने राघोपुर में भिड़े।

  2. जदयू नेता अजीत यादव की नाक फूटी, पटना रेफर किया गया।

  3. नाव हादसे की जांच की मांग को लेकर विवाद बढ़ा।

संवाद सूत्र, राघोपुर। रविवार को राघोपुर में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत की घटना के बाद दशकर्म में शामिल होने आए जन सुराज के सूत्रधार सह बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर के सामने ही भाजपा और जदयू कार्यकर्ता के बीच जमकर मारपीट हो गई।

इस मारपीट में जदयू कार्यकर्ता के नाक पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।

घटना उस समय हुई जब प्रशांत किशोर पीड़ित स्वजन से हादसे को लेकर चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान जदयू नेता सह प्रदेश सचिव अजीत यादव ने नाव हादसे की जांच की मांग उठाई। उन्होंने पीके से मांग की कि हादसे में उपयोग हुई नाव सरकारी है या प्राइवेट, इसकी जांच होनी चाहिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस मांग का पूर्व मुखिया सह भाजपा नेता गगन राय ने विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई और पीके के सामने ही दोनों पक्ष भिड़ गए।

आरोप है कि पूर्व मुखिया की तरफ से आधा दर्जन लोगों ने अजीत यादव पर मुक्का और लात-घूंसे से हमला कर दिया। मारपीट में उनकी नाक फूट गई मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

वीडियो में दिख रहा है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो रही है। घटना के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों ने घायल अजीत यादव को इलाज के लिए पीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया।

जदयू नेता हुए घायल

जानकारी के अनुसार जदयू नेता जन सुराज नेता पीके से नाव हादसे में उपयोग हुई नाव की जांच की मांग कर रहे थे। इसी बात पर विवाद बढ़ा।

इस संबंध में घायल जदयू नेता अजीत ने कहा कि पूर्व मुखिया दबंग हैं। मैं प्रशांत किशोर से नाव की जांच की मांग कर रहा था। इसी दौरान पूर्व मुखिया एवं उसके भतीजों ने मेरे साथ मारपीट की।

पूर्व सुनियोजित साजिश के तहत मुझ पर हमला किया गया है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जहां नाव डूबी, वहां पूर्व मुखिया के ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिसके कारण गहरा गड्ढा बन गया था और हादसा हुआ।

फिलहाल इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है, आवेदन मिलने पर प्राथमिकी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में पीके पर बरसे उपेंद्र कुशवाहा, सातवें वेतन आयोग के वादे को बताया सबसे बड़ा ढोंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।