Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Vaishali News: नशे में कार चला रहे युवक ने मचाया उत्पात, BDO की गाड़ी को मारी टक्कर; वीडियो वायरल

    Updated: Mon, 16 Feb 2026 07:10 PM (GMT+05:30)

    महनार स्टेशन रोड पर नशे में चूर एक युवक ने बीडीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों को टक्कर मारकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अनियंत्रित तरी ...और पढ़ें

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, महनार। महनार स्टेशन रोड पर नशे में चूर एक युवक के उत्पात से काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। तेज रफ्तार कार चला रहे युवक ने महनार के बीडीओ की गाड़ी सहित कई वाहनों को टक्कर मार दी।

    इस दौरान ब्लू रंग की शर्ट पहने एक व्यक्ति द्वारा युवक को थप्पड़ मारने और युवक के माफी मांगने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। आराेप है कि बीडीओ ने युवक को थप्पड़ मारा था। हालांकि, दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अनियंत्रित तरीके से वाहन चला रहा था, जिससे सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे महनार के बीडीओ मुकेश कुमार के सरकारी वाहन को भी उसने टक्कर मार दी।

    घटना के बाद बीडीओ ने संयम बरतते हुए स्थिति को शांत करने का प्रयास किया और युवक से वाहन साइड में लगाने को कहा। आरोप है कि युवक नशे की हालत में दुर्व्यवहार करने लगा। मौके पर भीड़ जुटने लगी और कुछ लोग वीडियो बनाने लगे।

    खबरें और भी

    स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बीडीओ ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, जिसके बाद युवक का व्यवहार बदल गया और वह माफी मांगने लगा। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को महनार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद उसे हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया। घटना के बाद स्टेशन रोड पर काफी देर तक भीड़ लगी रही। इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने की गंभीरता को उजागर किया है।

    इस संबंध में बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चला रहे युवक ने कई गाड़ियों को टक्कर मारकर उत्पात मचाया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे रोका गया और पुलिस के हवाले किया गया, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोपरि है और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।