रेलवे पेंशनर्स को राहत: अब बैंक जाने का झंझट खत्म, घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा 'जीवन प्रमाण-पत्र'
पूर्व मध्य रेल 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 चलाएगा, जिससे पेंशनभोगी घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे।

रेलवे पेंशनरों के लिए एक नवंबर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान
HighLights
पूर्व मध्य रेल का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 1 नवंबर से
पेंशनभोगी घर बैठे ऑनलाइन जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण-पत्र
विभिन्न मंडलों में लगेंगे मेगा कैंप, मिलेगी विशेष सुविधा
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल में पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 चलाया जाएगा। इसके तहत पेंशनभोगी घर बैठे आनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे।
इससे पेंशन जारी रखने के लिए हर साल नवंबर में बैंक जाकर प्रमाण-पत्र जमा करने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लिए अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए पेंशनरों को गूगल प्ले स्टोर से यूआइडीएआइ का ‘आधार फेस आरडी’ ऐप और ‘जीवन प्रमाण’ ऐप डाउनलोड करना होगा।
दोनों ऐप इंस्टॉल करने के बाद ऑपरेटर ऑथेंटिकेशन स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन कर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार और डाउनलोड किया जा सकेगा।
किसी तरह की परेशानी होने पर पेंशनर पूर्व मध्य रेल के कार्मिक विभाग, लेखा विभाग या संबंधित बैंक से संपर्क कर सकते हैं।
रेलवे का कहना है कि इस सुविधा से पेंशनरों का समय बचेगा और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों या बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रेलवे प्रशासन ने पेंशनरों से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
अभियान का उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाना और पेंशनभोगियों को सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराना है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के तहत पूर्व मध्य रेल के मुख्यालय और विभिन्न मंडलों में निर्धारित तिथियों पर मेगा कैंप भी लगाए जाएंगे।
विभिन्न मंडलों में लगेंगे मेगा कैंप
मुख्यालय, हाजीपुर: कार्मिक विभाग के वेलफेयर सेक्शन में 2 से 6 नवंबर तक।
पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल: डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन और गया स्टेशन पर 2 से 6 नवंबर तक।
समस्तीपुर मंडल: नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, सहरसा और दरभंगा स्टेशन के एडीईएन कार्यालयों तथा पेंशन एसोसिएशन कार्यालय, समस्तीपुर में 4 और 5 नवंबर को।
धनबाद मंडल: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सुविधा केंद्र में 2 से 6 नवंबर तक। इसके अलावा 2 नवंबर को धनबाद, 3 नवंबर को गोमो और कोडरमा, 4 नवंबर को बरकाकाना और पतरातू, 5 नवंबर को लातेहार और बरवाडीह तथा 6 नवंबर को चोपन और सिंगरौली स्टेशन पर।
दानापुर मंडल: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वेलफेयर सेक्शन में 2 से 6 नवंबर तक। दानापुर, पटना, राजेंद्र नगर, किऊल, बिहारशरीफ और बक्सर स्टेशनों पर 3 से 6 नवंबर तक।
सोनपुर मंडल: सोनपुर के सामुदायिक भवन में 2 से 6 नवंबर तक। शाहपुर पटोरी स्टेशन पर 2 नवंबर, बरौनी स्टेशन पर 3 और 4 नवंबर तथा थाना बिहपुर स्टेशन पर 5 और 6 नवंबर को।
हरनौत और समस्तीपुर वर्कशॉप: दोनों वर्कशॉप के प्रशासनिक भवनों के कॉन्फ्रेंस हॉल में 4 और 5 नवंबर को।
यह भी पढ़ें- भागलपुर से कटिहार के लिए तीन ट्रेनें, ध्यान दें शाम वाली ट्रेन से अगर आप यात्रा करते हैं, तो आधी रात को पहुंचेंगे
यह भी पढ़ें- बंगाल से जयपुर तक का सफर अब नई ट्रेन से, 4 नवंबर से चलेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस; देखें पूरा रूट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।