हाजीपुर में कार के गुप्त तहखाने से 60 किलो गांजा बरामद, सीतामढ़ी के दो अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
हाजीपुर में टोल प्लाजा पर वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार से 60 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने सीतामढ़ी के दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर पा ...और पढ़ें
HighLights
लग्जरी कार के गुप्त तहखाने से 60 किलो गांजा बरामद।
सीतामढ़ी के दो अंतरजिला तस्करों को पुलिस ने दबोचा।
पांच सदस्यीय अंतरजिला गिरोह का हुआ भंडाफोड़।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सराय थाना पुलिस ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर पटेढा टोल प्लाजा के निकट वाहन जांच के दौरान लग्जरी कार से 60 किलो गांजा के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों सहित पांच नामजद व कार मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान राजन कुमार, पिता वीरेंद्र पूर्वे, निवासी परसा कला, थाना भुतही, सीतामढ़ी एवं पप्पू कुमार, पिता सूरज पूर्वे, निवासी भलुआहा, थाना सोनबरसा, सीतामढ़ी के रूप में हुई है।
मुजफ्फरपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों की जांच शुरू
सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सराय थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर लग्जरी कार से गांजा लेकर आ रहे हैं। वरीय अधिकारियों को सूचना देकर टोल प्लाजा के निकट मुजफ्फरपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान मुजफ्फरपुर की तरफ से आ रही एक लग्जरी कार को रोकने का इशारा किया गया तो सवार दोनों भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने दोनों को पकड़ लिया।
कार के तहखाने में मिला 60 किलो गांजा
कार की तलाशी लेने पर तहखाने में बने 12 बंडल में करीब 60 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वे गांजा सीतामढ़ी स्थित नेपाल-भारत बॉर्डर से भुतही थाना क्षेत्र के ग्राम निवासी शंकर महतो से खरीदकर लाते हैं।
गांजा बिदुपुर थाना क्षेत्र के लाल बाबू राय एवं काजीपुर थाना क्षेत्र के अफजलपुर धोवघट्टी निवासी अखिलेश कुमार, पिता महेश पासवान को देने जा रहे थे।
पांच सदस्यीय गिरोह, बांट कर करते थे काम
तस्करों ने बताया कि वे पांचों एक गिरोह बनाकर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करते हैं। सबका कार्यक्षेत्र बंटा हुआ है। शंकर महतो का काम नेपाल से गांजा खरीदकर भारत-नेपाल बॉर्डर पर लाना है।
खबरें और भी
राजन और पप्पू का काम गांजा का परिवहन कर लालबाबू राय व अखिलेश कुमार तक पहुंचाना है। लालबाबू राय और अखिलेश कुमार गांजा को अपने गोपनीय ग्राहकों को बेचते हैं।
आरोपियों ने कबूला कि वे कई बार इसी लग्जरी कार से गांजा लाकर अखिलेश व लालबाबू को दे चुके हैं, लेकिन आज तक पकड़े नहीं गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों तस्करों के अलावा शंकर महतो, लालबाबू राय, अखिलेश कुमार व कार मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।