विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर में गंडक नदी में नहाते समय 2 बच्चे डूबे, एक को नाविकों ने बचाया; दूसरा लापता

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:03 PM (IST)

हाजीपुर के सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से दो डूब गए।

नदी में बच्चे को ढूंढती टीम। (जागरण)

नदी में बच्चे को ढूंढती टीम। (जागरण)

HighLights

  1. हाजीपुर के सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में दो बच्चे डूबे।

  2. नाविकों ने एक बच्चे इरशाद को सकुशल बाहर निकाला।

  3. दूसरा बच्चा रेहान उर्फ पाली अभी भी लापता, तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में स्नान करने के दौरान दो बच्चे डूब गए। एक बच्चे को कोनहारा घाट के निकट से नाविकों ने बचा लिया, जबकि दूसरा बच्चा नदी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही सीढ़ी घाट और कौशल्या घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।मिली जानकारी के अनुसार मस्जिद चौक स्थित उर्दू विद्यालय के पांच बच्चे गुरुवार की दोपहर अपना बैग स्कूल में ही छोड़कर सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में नहाने निकल गए थे।

घाट पर पहुंचकर बच्चे नदी में उतरे, इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग घाट पर पहुंच गए।

तेज धार में बहते बच्चों को कौशल्या घाट की ओर जाते देख लोग उधर दौड़े। कौशल्या घाट किनारे नाव लगाकर बैठे नाविक अरविंद सहनी, छठू सहनी और घमंडी सहनी तुरंत नाव लेकर बचाव के लिए निकले।

नाविकों ने एक बच्चे को बचाया

बहते-बहते बच्चे कोनहारा घाट तक पहुंच गए थे। नाविकों ने एक बच्चे को कोनहारा घाट के पास से सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा डूब गया।

नगर थाना क्षेत्र के मस्जिद चौक निवासी इरशाद पिता मोहम्मद इस्लाम, रहमान पिता हसनैन और रेहान उर्फ पाली पिता शाहिद सहित पांच बच्चे स्कूल से नहाने आए थे।

vaishali drowing

नहाने के दौरान रेहान उर्फ पाली और इरशाद डूबने लगे। रहमान के शोर मचाने पर लोगों को घटना का पता चला। सभी बच्चों की उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच बताया गया।

डूबा हुआ बच्चा मस्जिद चौक निवासी शाहिद का 10 वर्षीय पुत्र रेहान उर्फ पाली बताया गया है। बचाए गए बच्चे इरशाद को घर भेज दिया गया है, उसकी हालत ठीक है। वहीं, डूबे हुए बच्चे के स्वजन गंडक नदी किनारे पहुंच गए।

स्वजन का रोते-रोते बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही मुहल्ला में कोहराम मच गया। साथी बच्चे रहमान ने बताया कि हम पांचों सीढ़ी घाट नहाने आए थे। इरशाद और पाली डूब गए, जिसमें इरशाद को बचा लिया गया। करीब एक महीने से हम यहां नहाने आते थे, बैग स्कूल में ही छूट गया।

नाविक छठू सहनी और अरविंद सहनी ने बताया कि हम लोग घाट किनारे नाव लगाकर खाना खा रहे थे, तभी देखा कि बच्चे डूबते हुए जा रहे हैं। तुरंत नाव की मशीन चालू कर कोनहारा घाट तक गए और एक बच्चे को बचा लाए।

इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ को जानकारी दी गई। पुलिस बल के साथ कौशल्या घाट पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली गई।

सूचना पर एसडीआरएफ की तीन टीमें मौके पर पहुंची और सीढ़ी घाट से कौशल्या घाट और कोनहारा घाट तक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि गुरुवार शाम तक डूबे बच्चे का पता नहीं चल पाया था।

यह भी पढ़ें- बिहार के लिए अगले 48 घंटे अहम, उफान पर नदियां; मानसून को लेकर IMD का अपडेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।