Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाजीपुर में ट्रिपल ट्रक हादसा: सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को कुचला; मौके पर मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 10:12 AM (IST)

    महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क पर शुक्रवार सुबह तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें फुलवरिया गांव निवासी 60 वर्षीय पोषण महतो की मौत हो गई। हादसे के बाद आक् ...और पढ़ें

    घटनास्‍थल पर लगी लोगों की भीड़। जागरण

    घटनास्‍थल पर लगी लोगों की भीड़। जागरण

    HighLights

    1. महुआ-हाजीपुर सड़क पर तीन वाहनों की टक्कर।

    2. 60 वर्षीय पोषण महतो की मौके पर मौत।

    3. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर सुरक्षा की मांग की।

    जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क पर शुक्रवार सुबह एक के बाद एक कर तीन गाड़‍ियां टकरा गईं। इस हादसे में फुलवरिया गांव निवासी 60 वर्षीय पोषण महतो की मौत हो गई।

    यह हादसा फुलवरिया गांव के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार वाले एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क जाम कर दिया।

    जानकारी पर स्थानीय थाने की पुलिस पहुंची और ट्रक तथा हाईवा को जब्त कर लिया। करीब एक घंटे बाद लोगों ने काफी समझाने-बुझाने पर जाम हटाया। 

    ट्रक की टायर जांच कर रहा था चालक 

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक का चालक सड़क किनारे अपनी गाड़ी रोककर टायर की जांच कर रहा था।

    इसी बीच पीछे से आ रहे एक हाईवा ट्रक ने तेज रफ्तार में खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के कुछ ही मिनट बाद पीछे से आ रहा एक 12 चक्का ट्रक भी बेकाबू हो गया।

    ट्रक ने बुजुर्ग को कुचलते हुए हाईवा में मारी टक्‍कर 

    सड़क किनारे खड़े पोषण महतो को अपनी चपेट में लेता हुआ आगे बढ़ा और फिर पहले से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोषण महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    इस घटना की खबर फैलते ही फुलवरिया और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पोषण महतो की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने महुआ-हाजीपुर सड़क को जाम कर दिया।

    जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। ग्रामीण सड़क पर सुरक्षा उपाय और तेज रफ्तार ट्रकों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

    पुलिस ने जब्‍त की दुर्घटनाग्रस्‍त गाड़‍ियां 

    सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और आवागमन बहाल कराने की अपील की।

    काफी समझाने के बाद ग्रामीण माने और जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है।

    महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि एक खराब ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से एक हाईवा और ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी।

    इसमें एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।