वैशाली के महनार तेल गोदाम में भीषण आग, लाखों का तेल जलकर खाक, CCTV में माचिस जलाकर फेंकता हुआ दिखा युवक
महनार के सिनेमा रोड स्थित एक तेल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सरसों तेल और रिफाइन जलकर नष्ट हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्य ...और पढ़ें

महनार तेल गोदाम में लगी आग। (फोटो- एजेंसी)
HighLights
महनार तेल गोदाम में लगी भीषण आग।
लाखों रुपये का तेल जलकर हुआ नष्ट।
सीसीटीवी में संदिग्ध व्यक्ति आग लगाते दिखा।
जागरण संवाददाता, महनार। महनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर परिषद महनार के सिनेमा रोड छोटी चौक स्थित एक तेल गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये से अधिक रुपये का तेल आदि जलकर नष्ट हो गया।
सीसीटीवी में एक व्यक्ति संदिगध व्यक्ति दिखा है। दमकल ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना से व्यापारियों में दहशत है।
बताया गया कि छोटी चौक सिनेमा रोड स्थित तेल गोदाम में शनिवार की रात भीषण आग लग गई। जिससे अफरातफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखा लाखों रुपये से अधिक का सरसों तेल एवं रिफाइन आदि सामान धूं-धूं कर जल गया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आगलगी की सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ी को आग पर काबू पाने में दो घण्टे से अधिक का समय लग गया।
हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि यह गोदाम स्टेशन निवासी राजू चौधरी का है। वह सरसो तेल एवं रिफाइन के थोक विक्रेता है। बताया गया कि एक दिन पहले एक ट्रक सरसों तेल आदि गोदाम में लाकर रखा गया था।
राजू चौधरी के अनुसार वह कम्पनियों के तेल आदि को बेचते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात दो बजे उन्हें मोबाइल पर आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद दमकल की टीम को सूचना दिया गया।
उन्होंने बताया कि सबकुछ जलकर नष्ट हो चुका है। वहीं, घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी में आग लगाने की घटना कैद हुई है। जिसमें साफ साफ देखा जा सकता है कि आधी रात के बाद एक अज्ञात व्यक्ति माचिस जलाकर गोदाम में फेंक रहा है। जिसके बाद गोदाम में भीषण आग लग गई।
सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध युवक
बहरहाल गोदाम मालिक की शिकायत पर महनार थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि महनार बाजार में आगलगी की कई घटनाएं पिछले कुछ महीनों में घट चुकी है। जिनमे एक दर्जन से ज्यादा दुकान जल गई थी। इसके बावजूद भी एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।जिससे यहां के व्यवसाइयों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।