विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राघोपुर में ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव, लोगों को बांटे 500-500 रुपये

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:03 PM (IST)

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और सैकड़ों जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी।

राघोपुर पहुंचे सांसद पप्पू यादव। (जागरण)

राघोपुर पहुंचे सांसद पप्पू यादव। (जागरण)

HighLights

  1. सांसद पप्पू यादव ने राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

  2. उन्होंने सैकड़ों जरूरतमंदों को 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता दी।

  3. सरकार की राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए।

संवाद सूत्र, राघोपुर। बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शनिवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे।

वे ट्रैक्टर पर सवार होकर और कई जगह पैदल चलकर पीड़ितों के बीच गए और उनकी समस्याएं सुनीं। दौरे के दौरान पप्पू यादव नोटों से भरा बैग लेकर पहुंचे और रूस्तमपुर लोहा पुल से मेदन चौक होते हुए रामपुर भट्टी तक सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता दी।

उन्होंने जलजमाव, आवागमन, भोजन, पेयजल और राहत व्यवस्था का जायजा लिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सरकार पर निशाना, सीएम सम्राट चौधरी से की ये मांग

पप्पू यादव ने बिहार सरकार की राहत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता एक तरफ महंगाई की मार झेल रही है, दूसरी तरफ बाढ़ ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

pappu yadav (1)

सरकार की ओर से जिस स्तर पर राहत पहुंचनी चाहिए, वह जमीन पर नहीं दिख रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की वास्तविक स्थिति कागजी रिपोर्ट से नहीं समझी जा सकती, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को खुद गांवों में जाना होगा।

तेजस्वी और चिराग पर साधा निशाना

राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि तेजस्वी राघोपुर आए तो थे, लेकिन बाढ़ पीड़ितों के बीच जाने के बजाय पुल से ही देखकर लौट गए।

जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता के बीच पहुंचे। उन्होंने राघोपुर के जनप्रतिनिधियों को चुनौती दी कि यदि दर्द समझना है तो प्रभावित इलाके में एक रात बिताकर देखें। लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से भोजन, पेयजल, दवा, राहत सामग्री और मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की मांग की। इस दौरान पिंटू यादव, रवि यादव, राजाराम राय, कुणाल यादव, राहुल यादव, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर गंगा का कहर, 110 की जगह 20 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजर रही ट्रेनें