गंगा के उफान से वैशाली के राघोपुर में बाढ़ का कहर, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा
गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से राघोपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, जिससे एक दर्जन से अधिक पंचायतें मुख्य सड़क से कट गई हैं।

गंगा के उफान से राघोपुर में बाढ़ का कहर, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा
HighLights
गंगा के उफान से राघोपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर।
एक दर्जन से अधिक पंचायतें मुख्य सड़क से कटीं।
सुरक्षा के लिए 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद।
संवाद सूत्र, राघोपुर। गंगा नदी के जलस्तर में उफान से राघोपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने लगी है। एक दर्जन से अधिक पंचायतों का मुख्य सड़क से आवागमन बाधित हो गया है। कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीण दैनिक जरूरत का सामान लाने के लिए बाढ़ के पानी में तैरकर और जान जोखिम में डालकर आने-जाने को मजबूर हैं।
पशुपालकों को चारा लाने में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। जुड़ावनपुर थाना परिसर में भी पानी घुस गया है और पुलिसकर्मियों को छोटी नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। सभी पंचायतों में पर्याप्त नाव उपलब्ध नहीं होने से लोगों में जिला और स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
गंगा के उफान से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पाया संख्या 29 के पास तेज बहाव में सड़क कट गई है। पाया के निकट दो से तीन फीट पानी जमा है। इससे जहांगीरपुर और जाफराबाद पंचायत के लोगों का आवागमन बाधित है।
रुस्तमपुर घाट से बीरपुर, फतेहपुर से खालसा घाट, पहाड़पुर से जमींदारी घाट और लोहा पुल से सिक्सलेन पुल तक मुख्य सड़क पर तीन से चार फीट पानी चढ़ गया है। पहाड़पुर से जमींदारी घाट जाने वाली सड़क भी जलमग्न है।
जाफराबाद, जहांगीरपुर, शिवनगर बिंदा चौक से विश्राम टोला, रामपुर लंका और चकसिंगार से रामपुर करारी बरारी जाने वाली सड़कें भी पानी में डूबी हैं। दोपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन बंद है। लोग ट्रैक्टर पर बैठकर आने-जाने को मजबूर हैं।
वीरपुर, चकसिंगार, रामपुर, करारी, बरारी, शिवनगर, लंका टोला, जाफराबाद, जहांगीरपुर, हेतमपुर, सरायपुर, तेरसिया और हजपुरवा समेत निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों के आसपास पहुंच गया है। कुछ घरों में भी पानी घुस चुका है। रात में सांप और बिच्छू का खतरा बढ़ गया है।
सैकड़ों एकड़ में लगी फसल डूबी, दुकानों में घुसा पानी
पहाड़पुर, वीरपुर, जहांगीरपुर समेत कई गांवों में सैकड़ों एकड़ में लगी बैंगन, मिर्ची, जनेरा और अन्य सब्जियों की फसल डूब गई है। किसान कमर भर पानी में उतरकर फसल और चारा बचाने को मजबूर हैं। बिंदा मार्केट शिवनगर में बाढ़ का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय दुकानदार सुमन कुमार और बिट्टू कुमार ने बताया कि कई दुकानदार ट्रैक्टर और पिकअप से सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। पानी के कारण बाजार में आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित है।
71 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद, सैकड़ों घरों में अंधेरा
बाढ़ के कारण विद्युत विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर राघोपुर प्रशाखा के अंतर्गत 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। जेई रूपेश कुमार यादव ने बताया कि बाढ़ का पानी ट्रांसफार्मरों और पोल के निचले हिस्से तक पहुंचने से करंट फैलने और हादसे का खतरा बढ़ गया था। इसी वजह से एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद की गई है।
जेई के अनुसार, वीरपुर पंचायत में सबसे अधिक 16 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद की गई है। जुड़ावनपुर, बरारी और करारी क्षेत्र में 15, जाफराबाद में 13, चकसिंगार, लंका टोला और रामपुर में 12, जहांगीरपुर में छह, राघोपुर में पांच, पहाड़पुर पश्चिमी में दो और फतेहपुर पंचायत में दो ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद है।
बिजली आपूर्ति बंद होने से इन पंचायतों के सैकड़ों घरों में अंधेरा पसरा है। लोगों को मोबाइल चार्ज करने, पेयजल और रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। जेई ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद सुरक्षा जांच कर पुनः बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
