सारण को 65 हजार करोड़ की विकास सौगात; एक्सप्रेसवे और नए पुलों की मंजूरी, सांसद रूडी ने गिनाईं बड़ी परियोजनाएं
सारण जिले में 37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जबकि 28 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। ...और पढ़ें

प्रेस वार्ता करते सांसद राजीव प्रताप रूडी। जागरण
HighLights
सारण में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य।
जिला बनेगा देश का पहला स्मार्ट सिंचाई मॉडल।
सोनपुर में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा विमानन केंद्र।
संवाद सहयोगी, सोनपुर (वैशाली)। सारण जिले को विकास की बड़ी सौगात मिली है। जिले में करीब 37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जबकि 28 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
गंगा तट को नया स्वरूप देने के लिए मां अंबिका भवानी गंगा पथ विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन और आस्था का राष्ट्रीय केंद्र बन सकेगा।
साथ ही सारण को देश का पहला स्मार्ट सिंचाई मॉडल जिला बनाने की दिशा में काम शुरू किया जा रहा है। एससीएडीए तकनीक के माध्यम से किसान डिजिटल तरीके से अपने खेतों तक पानी पहुंचा सकेंगे।
पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर सांसद ने की प्रेस कांफ्रेंस
यह जानकारी रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई गाथा है।
सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने राजनीतिक स्थिरता, मजबूत अर्थव्यवस्था, सुदृढ़ राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुद्रा योजना के माध्यम से 40 करोड़ से अधिक लोगों को ऋण उपलब्ध कराया गया, चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर मिले और किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रत्यक्ष सहायता मिली।
देश में 64 से बढ़कर 174 हुए एयरपोर्ट
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया और नवाचार के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में जहां लगभग 64 हवाई अड्डे थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर करीब 174 हो गई है।
सड़क, रेल, एक्सप्रेस-वे, सुरंग, बंदरगाह और ऊर्जा क्षेत्र में भी देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विशेष स्नेह सारण को मिला है।
इस कारण यह क्षेत्र उत्तर बिहार के विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। वर्तमान में जिले में करीब 37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है और पिछले तीन महीनों में 28 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि गंगा नदी पर दो नए विशाल पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। एक पुल दीघा-बाकरपुर-सोनपुर क्षेत्र को जोड़ेगा, जबकि दूसरा शेरपुर-दिघवारा क्षेत्र में बनाया जाएगा।
इसके अलावा माझी, डोरीगंज, दिघवारा, जेपी सेतु के समानांतर प्रस्तावित छह लेन पुल और हाजीपुर क्षेत्र की परियोजनाओं से सारण उत्तर बिहार का सबसे महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रूडी ने बताया कि करीब छह हजार करोड़ रुपये की लागत वाली बाकरपुर-डुमरियाघाट सुपर एक्सप्रेस-वे परियोजना का कार्य शुरू हो चुका है।
कोल्हुआ से गोपालगंज तक बनेगा सुपर एक्सप्रेसवे
वहीं, कोन्हुआ से गोपालगंज तक लगभग 92 किलोमीटर लंबे सुपर एक्सप्रेस-वे को भी मंजूरी मिल चुकी है। शेरपुर-दिघवारा पुल से जुड़ने वाली उत्तर रिंग रोड परियोजना, छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 का चौड़ीकरण, रेवा घाट पुल और छपरा बाईपास के सिक्स लेन विस्तार जैसी परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से गंगा के उत्तरी तट पर मां अंबिका भवानी गंगा पथ विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य गंगा के प्रवाह को वर्षभर बनाए रखते हुए सारण को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करना है। इससे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जल प्रबंधन के क्षेत्र में सारण को मॉडल जिला बताते हुए सांसद रूडी ने कहा कि करीब 11 हजार करोड़ रुपये की गंडक जल परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिसके माध्यम से उन क्षेत्रों तक भी वर्षभर पानी पहुंचाया जाएगा जहां सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
1400 करोड़ से नदियों को जोड़ा जाएगा
इसके अलावा करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत से जिले की नदियों और जलधाराओं को आपस में जोड़ने की योजना को भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना के तहत लगभग 640 किलोमीटर लंबी नदी एवं जलधारा प्रणाली को पुनर्जीवित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सारण को देश के पहले स्मार्ट सिंचाई मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा। आधुनिक डिजिटल जल प्रबंधन प्रणाली के तहत किसान तकनीक के माध्यम से अपने खेतों तक पानी की आपूर्ति नियंत्रित कर सकेंगे।
यह परियोजना पहले सारण में पायलट मॉडल के रूप में लागू होगी और सफलता के बाद अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार किया जाएगा।
किसानों के हितों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए सांसद रूडी ने कहा कि भूमि अधिग्रहण में किसानों को नियमानुसार बेहतर मुआवजा दिया जाएगा और विकास से मिलने वाले लाभों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोनपुर क्षेत्र में दक्षिण एशिया के सबसे बड़े विमानन केंद्र के विकास की दिशा में कार्य चल रहा है। यह परियोजना बिहार के साथ-साथ नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
एविएशन के क्षेत्र में अग्रणी होगा बिहार
बिहार को फ्लाइंग ट्रेनिंग, एयरो स्पोर्ट्स और विमानन शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार की गई है।
सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद, नक्सलवाद और सुरक्षा चुनौतियों के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल की है।
देश की आर्थिक शक्ति, वैश्विक प्रतिष्ठा और निवेश आकर्षित करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार निवेश, उद्योग और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।