नाव हादसा: गमछा बना जिंदगी की डोर, विशाल ने बचाई चार की जान; गांधी सेतु के नीचे फंसे युवक का 40 मिनट बाद रेस्क्यू
वैशाली के राघोपुर में गांधी सेतु के पास नाव हादसे में एक की मौत हो गई और एक लापता है। ...और पढ़ें

गमछे से बनाई जिंदगी की डोर
HighLights
गांधी सेतु के पास नाव हादसे में एक की मौत।
विशाल यादव ने गमछे से चार लोगों को बचाया।
बाढ़ के पानी में बोल्डर से टकराकर नाव डूबी।
संवाद सूत्र, राघोपुर(वैशाली)। गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर नौ और 10 के निकट तेरसिया दियारा में मंगलवार दोपहर नाव हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। बाढ़ के पानी में छिपे बोल्डर से टकराने के बाद नाव असंतुलित होकर डूब गई।
नाव पर करीब 11 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से नौ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि चंदन कुमार का शव करीब पांच घंटे बाद बरामद हुआ। एक युवक अभी लापता है।
अंधेरे में घुसे विशाल, गमछे से बनाई जिंदगी की डोर
हादसे के बाद तेरसिया निवासी विशाल यादव ने साहस दिखाते हुए चार लोगों की जान बचाई। उन्होंने कई गमछों को आपस में बांधकर सहारे की डोर बनाई और पुल के पाया के अंदर अंधेरे में घुस गए। डर और तेज बहाव के बावजूद पाया को पकड़कर उन्होंने एक-एक कर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुल के नीचे फंसे युवक को निकालने में लगे 40 मिनट
स्थानीय सुनील राय ने बताया कि नाव निर्माणाधीन पुल के नीचे रखे बोल्डर से टकरा गई थी। हादसे के बाद एक युवक पुल के पाया में फंस गया था।
उसे बाहर निकालने में करीब 40 मिनट से अधिक समय लगा। इस दौरान गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने भी जान जोखिम में डालकर डूब रहे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
नाव पर सवार थे 11 लोग, नौ सुरक्षित निकले
तेरसिया गांव के 11 लोग नाव से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर एक की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ लोग डाक्टर को दिखाने तो कुछ दैनिक उपयोग का सामान लाने जा रहे थे।
बताया गया कि नाव पेट्रोल लेने के लिए पाया नंबर 10 के पास रुकी थी, तभी तेज बहाव में निर्माणाधीन पुल के पास रखे बोल्डर से टकरा गई और पलट गई।
सब्जी बेचकर परिवार चलाता था चंदन, हादसे में गई जान
हादसे में सत्येंद्र चौधरी के पुत्र चंदन कुमार की डूबने से मौत हो गई। वह दो भाइयों में छोटा था। परिवार के अनुसार पिता गांव में किराना दुकान चलाते हैं, जबकि दोनों भाई जढुआ सब्जी मंडी में सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
करीब चार वर्ष पहले चंदन की शादी हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मुखिया प्रतिनिधि ने निर्माण कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप
तेरसिया के मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार राय ने आरोप लगाया कि समानांतर निर्माणाधीन पुल के पास एसपी सिंगला कंपनी की मशीनरी और बोल्डर जगह-जगह पड़े हैं, जो बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।
उनके अनुसार इसी बोल्डर से नाव टकराई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम करीब दो घंटे देर से पहुंची।
डीएम बोले- दो लोग मिसिंग, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना पर डीएम वर्षा सिंह, एसपी शुभांक मिश्रा, एसडीओ विशाल, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार राय और गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने लापता लोगों की तलाश शुरू की। डीएम ने बताया कि नाव पर 11 लोग सवार थे, जिनमें से नौ को बचा लिया गया है। एक का शव बरामद हुआ है और एक अन्य लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
