विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के वैशाली में दर्दनाक हादसा: भोज खाने जा रहे बच्चों से भरी नाव नदी में डूबी, 13 की मौत

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:40 PM (IST)Updated: Wed, 14 Oct 2026 02:13 AM (IST)

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में एक नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर बच्चे ...और पढ़ें

भोज खाने जा रहे बच्चों से भरी नाव नदी में डूबी, 13 की मौत

भोज खाने जा रहे बच्चों से भरी नाव नदी में डूबी, 13 की मौत

HighLights

  1. वैशाली नाव हादसे में 13 लोगों की दुखद मौत।

  2. भोज पर जा रहे अधिकतर बच्चे नदी में डूबे।

  3. राघोपुर के रामपुर श्यामचंद में हुआ यह हादसा।

संवाद सूत्र, राघोपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात्रि नाव हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें अधिकतर बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था।

एक छोटी नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 9.15.12 PM

नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 9.15.12 PM (1)

हादसे के बाद पीएचसी में मची अफरा-तफरी

रामपुर श्यामचंद में नाव हादसे के बाद स्थानीय लोग पानी में डूबे लोगों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचे।

बताया गया है कि 17 बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की जांच के बाद 13 को मृत घोषित कर दिया गया।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 9.15.15 PM

तीन बच्चों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया, जबकि एक की स्थिति ठीक बताई गई है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही और पूरा परिसर स्थानीय लोगों की भीड़ से भर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना से पूरे राघोपुर प्रखंड में मातम छा गया।

विभिन्न गांवों से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं घटनास्थल पर पहुंचने लगे। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी है।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 9.21.34 PM

हादसे में मृत लोगों की सूची:

क्र.सं. मृतक का नाम पिता का नाम
1 मीरा कुमारी रामनरेश राय
2 निशु कुमारी सत्येंद्र राय
3 अनिषा कुमारी सुरेंद्र राय
4 सुनीता कुमारी राज किशोर राय
5 आर्यन कुमार गांधी राय
6 मोहन कुमार अखिलेश राय
7 अमृता कुमारी राज किशोर राय
8 अंकिता कुमारी राज किशोर राय
9 पिंकी कुमारी डोमन राय
10 नमन कुमार मुकेश राय
11 सिकी कुमारी सुरेश राय
12 भोनू कुमारी रामप्रवेश राय
13 सोनम कुमारी नरेश राय

सीएम ने किया आर्थिक सहायता का एलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

नाव पर 20 लोग थे सवार, 13 की मौत, 7 एनएमसीएच रेफर : डीएम

राघोपुर के रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए नाव हादसे के बाद मौके पर पहुंची वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना को लेकर मीडिया को जानकारी दी।

डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि देखिए, बहुत ही दुखद घटना है, साढ़े आठ बजे ये घटना हुई है। सूचना मिली कि एक नाव है जिसमें से 20 बच्चे जा रहे थे, बगल के गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे और उसी क्रम में नाव पलट गई है।

81157629

उन्होंने बताया कि अभी तक कुल सात लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जो कि एनएमसीएच भेजे गए हैं। इसके अतिरिक्त यहां पर जो लोग हैं वो सभी बच्चे हैं, 15 साल के लगभग बताया गया जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।

'रेस्क्यू ऑपरेशन जारी...'

डीएम ने कहा कि लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है, लोकल गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। लगातार ये रेस्क्यू रात भर जारी रहेगा, कल भी जारी रहेगा।

डीएम ने कहा कि अभी यहां पर कुल तेरह लोगों की मौत हुई है। सभी मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास है।

81157335

डीएम के साथ एसएसपी शुभांक मिश्रा और आला अधिकारी पीएचसी राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। ग्रामीण अंचल से मिले जर्जर नाव को हादसे का कारण बता रहे हैं और सीओ पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने डीएम और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें- वैशाली नाव दुर्घटना: मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये, CM सम्राट ने जताया दुख