विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करियर को लेकर छात्रों की उलझन दूर करेंगी वैशाली कलेक्टर की ये बातें, बताया पढ़ाई का सही तरीका

Published: Sun, 20 Sep 2026 11:29 AM (IST)

हाजीपुर में 'हमारी कलेक्टर दीदी' कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने छात्र-छात्राओं को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया।

छात्राओं से बातचीत करतीं डीएम वर्षा स‍िंह।

छात्राओं से बातचीत करतीं डीएम वर्षा स‍िंह।

HighLights

  1. जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने छात्रों को करियर मार्गदर्शन दिया।

  2. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

  3. एनसीईआरटी पुस्तकों और समय प्रबंधन पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। छात्र-छात्राओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति वैशाली की कलेक्‍टर वर्षा सिंह अनूठी पहल कर रही हैं। 

शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में 'हमारी कलेक्टर दीदी' कार्यक्रम के तहत करियर गाइडेंस कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भगवानपुर, बिदुपुर और रामदौली के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए।

कार्यशाला में जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और समय प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे।

5वीं से 12वीं तक की NCERT की पुस्‍तकें पढ़ें

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े छात्रा नंदनी के सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा पांचवीं से 12वीं तक की एनसीईआरटी पुस्तकों का नियमित अध्ययन करना चाहिए।

साथ ही अच्छे समाचार-पत्र पढ़ने की आदत डालनी चाहिए। स्कूली स्तर से तैयारी शुरू करने पर स्नातक तक प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए विषयों की बुनियादी समझ और सभी विषयों की नियमित तैयारी जरूरी है।

Vaishali DM 1

अनुशासन से कम होगा तनाव

समय प्रबंधन पर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रत्येक कार्य निर्धारित समय और अनुशासन के साथ पूरा करना चाहिए। नियमित दिनचर्या से पढ़ाई के दौरान अनावश्यक तनाव कम होगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, संयम और धैर्य के साथ लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। कहा कि सफलता के लिए निरंतरता और ईमानदारी से मेहनत जरूरी है।

कार्यशाला में उच्च माध्यमिक विद्यालय हरपुर कस्तुरी, उच्च माध्यमिक विद्यालय सिसौनी प्रबोधी, जीए उच्च विद्यालय, भगवानपुर, जनता हाई स्कूल पानापुर धर्मपुर, बिदुपुर और शिव सागर विद्या मंदिर, रामदौली के विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नोटबुक, पेन और सैंपल प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया गया।

यह भी पढ़ें- IAS बनने का सपना देख रहे छात्र, हाजीपुर में 'कलेक्‍टर दीदी' ने बताया लक्ष्य तक पहुंचने का तरीका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।