विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: स्कूल में घुसकर छात्रा से छेड़खानी और मारपीट, पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:31 PM (IST)

बिहार के महनार स्थित एक स्कूल में छात्रा के साथ मारपीट और छेड़खानी का मामला सामने आया है, जिससे छात्राओं में भय का माहौल है।

महनार का स्कूल। फोटो जागरण

महनार का स्कूल। फोटो जागरण

HighLights

  1. महनार स्कूल में छात्रा से मारपीट और छेड़खानी का आरोप।

  2. प्रधानाध्यापक पर घटना की जानकारी छिपाने का आरोप लगा।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और छापेमारी शुरू की।

संवाद सहयोगी, महनार (वैशाली)। बिहार में वैशाली जिले के महनार में एक स्कूल में घुसकर बदमाशों ने छात्रा के साथ मारपीट और छेड़खानी की।

पीड़िता के अनुसार, विद्यालय जाने के क्रम में एक युवक ने घेरकर गाली-गलौज और छेड़खानी का प्रयास किया। बाद में विद्यालय के कक्षा में घुसकर उसके साथ मारपीट की।

आरोप लगाया कि इससे पहले सड़क पर उसके साथ छेड़खानी की गई थी। आरोपित पर इससे पहले भी एक अन्य लड़की के साथ बंदूक दिखाकर बदसलूकी किए जाने का आरोप है।

पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को बुरी नीयत से घेरने का प्रयास किया गया। छात्रा ने अपने भाई के माध्यम से घटना की सूचना दी।

विद्यालय पहुंचने पर आरोपित बाइक से भागने लगा। पकड़ने का प्रयास करने पर वह बाइक छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई।

इस घटना के बाद विद्यालय की छात्राओं में डर और दहशत का माहौल है। पीड़ित छात्रा के पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रधानाध्यापक की भूमिका पर सवाल, बीईओ ने मांगा जवाब

घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने और आवेदन के बाद पंचायती के माध्यम से मामले को दबाने का प्रयास करने के आरोप में विद्यालय के प्रधानाध्यापक की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

हालांकि, प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में इस तरह की घटना होने से इनकार किया है। सूचना मिलने पर बीडीओ मुकेश कुमार और राजस्व पदाधिकारी पूजा राय विद्यालय पहुंचे और पीड़ित छात्रा तथा उसके पिता से घटना की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने भी प्रधानाध्यापक पर मामले की लीपापोती करने और वरीय अधिकारियों को गलत जानकारी देकर गुमराह करने का आरोप लगाया। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन सचान ने बताया कि विद्यालय में कक्षा के अंदर छात्रा के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी।

विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक से जानकारी ली गई। घटना की सूचना देने और स्पष्ट स्थिति से अवगत नहीं कराने को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अनुसंधानकर्ता के समक्ष पीड़िता ने जो बयान दिया है, उसमें छेड़खानी की बात सामने नहीं आई है। दोनों परिवारों के बीच कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। -प्रवीण कुमार, एसडीपीओ, महनार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।