जन्माष्टमी पर बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में जन्मा बालक, श्रीकृष्ण के नाम पर रखा जाएगा नाम
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में एक नवजात शिशु का जन्म हुआ, जिसे परिवार कान्हा का आशीर्वाद ...और पढ़ें

संगीता देवी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुत्र को जन्म दिया।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Janmashtami Baby Born: भगवान श्रीकृष्ण के पावन जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी के दिन बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में एक परिवार के आंगन में खुशियां गूंजीं।
धार्मिक मान्यता है कि इस पवित्र तिथि पर जन्म लेने वाले नवजात पर कान्हा की विशेष कृपा बनी रहती है। इसी सौभाग्य के चलते अस्पताल में नवजात के जन्म लेते ही परिजनों का चेहरा खिल उठा।
घर में आया कान्हा
बगहा नगर थाना क्षेत्र के कुंम्हिया गांव निवासी छोटू कुमार महतो की 25 वर्षीय पत्नी संगीता देवी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुत्र को जन्म दिया।
प्रसूता संगीता देवी ने भावुक होकर बताया कि वह और उनका पूरा परिवार खुद को अत्यंत भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी पाकर घर लौटने के बाद विद्वान पंडित से बच्चे की कुंडली तैयार कराई जाएगी।
मां और बच्चा स्वस्थ
संगीता देवी ने स्पष्ट किया कि कुंडली के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न नामों में से ही कोई एक सुंदर नाम बच्चे का रखा जाएगा।
वहीं अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एसपी अग्रवाल और जीएनएम शालिनी कुमारी ने बताया कि प्रसव पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित रहा। चिकित्सीय जांच के बाद नवजात शिशु और उसकी मां दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए हैं।
