Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बगहा में अवैध लॉटरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लाखों की लॉटरी जब्त, एक धंधेबाज गिरफ्तार

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 04:13 PM (IST)

    DIU Raid Bihar: बगहा में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की लॉटरी जब्त की है। डीआईयू टीम ने एक आरोपी कृष्णा कुमार कु ...और पढ़ें

    बरामद लॉटरी टिकट के साथ छापेमारी दल। फोटो सौजन्य: विभाग

    बरामद लॉटरी टिकट के साथ छापेमारी दल। फोटो सौजन्य: विभाग

    HighLights

    1. बगहा में अवैध लॉटरी कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

    2. एक धंधेबाज गिरफ्तार, लाखों की लॉटरी और उपकरण जब्त।

    3. पूर्णिया से मुजफ्फरपुर होते हुए बगहा पहुंचती थी खेप।

    जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। DIU Raid Bihar: बगहा शहर में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने छह बोरे में रखी बड़ी मात्रा में लॉटरी, एक कंप्यूटर सेट और मोबाइल फोन बरामद किया है।बरामद लॉटरी की कीमत का आकलन किया जा रहा है।

    गुप्त सूचना पर डीआइयू ने की छापेमारी

    पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को अवैध लॉटरी कारोबार की गुप्त सूचना मिलने के बाद बगहा एसडीपीओ निहार भूषण के नेतृत्व में जिला सूचना इकाई (डीआइयू) की टीम ने पठखौली थाना पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

    कार्रवाई के दौरान बगहा-दो के मीना बाजार स्थित एक दुकान से लॉटरी बेचते हुए पठखौली थाना क्षेत्र के कैलाशनगर निवासी कृष्णा कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया।

    घर से छह बोरे में मिली लॉटरी

    पूछताछ में आरोपित की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई, जहां से छह बोरे में बंद बड़ी मात्रा में लॉटरी बरामद हुई। मौके से एक कंप्यूटर सेट और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस बरामद लॉटरी की कुल कीमत का आकलन कर रही है।

    पूर्णिया से मुजफ्फरपुर होते हुए बगहा पहुंचती थी खेप

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध लॉटरी की खेप पूर्णिया के महावीर मंदिर सनौली चौक निवासी मनीष केडिया के माध्यम से मुजफ्फरपुर पहुंचाई जाती थी। वहां से रात में चलने वाली जय माता दी बस के जरिए इसे बगहा भेजा जाता था। आरोपित के अनुसार, सप्ताह में एक बार खेप आती थी और पूरे सप्ताह इसकी बिक्री की जाती थी।

    खबरें और भी

    तय समय पर होता था ड्रॉ

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद लॉटरी का संचालन प्रतिदिन दोपहर एक बजे, शाम छह बजे और रात आठ बजे किया जाता था, जबकि परिणाम अगले दिन घोषित किए जाते थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

    प्राथमिकी दर्ज, अन्य आरोपितों की तलाश

    एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित और जब्त सामग्री को पठखौली थाना के हवाले कर दिया गया है। पठखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि दारोगा दिनेश मेहरा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।