विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा में जिस गोद में थी सात माह की मासूम, उसी मां की गला दबाकर हत्या

By Vinod RaoEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 22 Sep 2026 11:34 AM (IST)

बगहा के रामनगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिस पर गला दबाकर हत्या का आरोप ...और पढ़ें

महिला की फाइल फोटो।

महिला की फाइल फोटो।

HighLights

  1. बगहा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, गला दबाकर हत्या का आरोप।

  2. हत्या के समय गोद में सात-आठ माह की मासूम बच्ची थी।

  3. मायके वालों ने ससुराल पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। रामनगर थाना क्षेत्र के मिल बहुअरी गांव में सोमवार की शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि 20 वर्षीय विवाहिता की गला दबाकर हत्या की गई।

घटना के समय उसकी गोद में सात-आठ माह की बच्ची थी। घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद स्वजन को मिली। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

शाम पांच बजे की बताई जा रही घटना

बताया गया कि घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे हुई। करीब छह बजे स्वजन को इसकी जानकारी मिली। पुलिस के पहुंचने पर विवाहिता का शव घर में मिला। मृतका के नाक, कान और आंख से खून निकल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी ली।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान हुस्नतारा खातून के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले सरफराज आलम से हुई थी। पति रामनगर चीनी मिल में काम करता है। घटना के समय मृतका की गोद में सात-आठ माह की बच्ची होने की बात सामने आई है।

मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाहिता की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।