पश्चिम चंपारण के बैरिया में दो बाइकों की भिड़ंत, गोरखपुर ले जाते समय पूर्व उपमुखिया की मौत
Bihar Road Accident: पश्चिम चंपारण के बैरिया में दो बाइकों की टक्कर में पूर्व उपमुखिया रामाकांत मुखिया की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद गोर ...और पढ़ें

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Road Accident: जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पूर्व उपमुखिया की मौत हो गई।
हादसा कठैया गांव के समीप करीब एक बजे हुआ, जिसमें बलुआ रमपुरवा वार्ड-17 निवासी पूर्व उपमुखिया रामाकांत मुखिया (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के समय रामाकांत मुखिया के साथ बाइक पर अशोक चौधरी भी सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर सवार चालक और उसके साथ बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामाकांत मुखिया को जीएमसीएच, बेतिया पहुंचाया। इस दौरान उनके स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
रामाकांत मुखिया पूर्व उपमुखिया रह चुके थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रामाकांत मुखिया सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। अपने पीछे वह पत्नी शिवकुमारी देवी, एक पुत्र और पांच पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनमें दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
हादसे की जानकारी मृतक के भतीजे संतोष मुखिया ने दी। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है।