विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : रजिस्ट्री कराने वालों के लिए जरूरी अपडेट, DM ने पकड़ा बिचौलिया, अब दलालों की खैर नहीं

By Shashi MishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 07 Sep 2026 05:40 PM (IST)

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बेतिया में पेपरलेस निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर एक बिचौलिया को हिरासत में लिया और ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में जांच पड़ताल में जुटे डीएम।

पश्चिम चंपारण में जांच पड़ताल में जुटे डीएम।

HighLights

  1. डीएम ने निबंधन कार्यालय में बिचौलिया को पकड़ा, भेजा थाना।

  2. पेपरलेस निबंधन प्रक्रिया में तेजी, रोजाना 30-35 दस्तावेज।

  3. नेपाली मूल की महिला को विवाह निबंधन प्रमाण पत्र मिला।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण) । जिले में पेपरलेस निबंधन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से नजर रखी जा रही है। इस कार्य में किसी तरह से व्यवधान डालने वालों की अब खैर नहीं है। उसके विरुद्ध् सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सोमवार को जिला निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक बिचौलिया को हिरासत में लेकर नगर थाना भेज दिया गया।

हिरासत में लिया गया बिचौलिया शहर के वार्ड संख्या-12 निवासी ओजैर आलम बताया गया है। डीएम ने सेवा प्रदाताओं को चेताया कि अगर उनके पास-पास बाहरी लोगों को पाया जाता है, तो उनका लाइसेंस रद किया जाएगा।

साथ हीनिबंधन कार्यालय परिसर में पाए जाने वाले दलालों को गिरफ्तार कर जेल भेज जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी मैंने निरीक्षण किया था, तो यह निर्देश दिया था कि कोई भी गैर अधिकृत व्यक्ति परिसर में नहीं रहे।

कई बार शिकायत मिलती है कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए गैर अधिकृत रूप से लोग उपस्थित रहते हैं। सभी सेवा प्रदाता आइडी लगाकर ही परिसर में रहें। ताकि उनकी पहचान की जा सके।

डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि इसके लिए जिले में 165 सेवा प्रदाताओं को लाइसेंस दिया गया है, विभाग के द्वारा भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

सभी को एक सहायक भी अनुमान्य किया गया है, जिसकी नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया को मैंने अभी देखा है, काफी आसानी से पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया हो रही है। सभी इस प्रक्रिया को सफल बनाने में व्यवस्था को सहयोग करें।

पेपरलेस निबंधन में आई तेजी, 30 से 35 दस्तावेजों का हो रहा निबंधन

जिला निबंधन कार्यालय में लागू की गई नई डिजिटल और पेपरलेस प्रक्रिया में काफी तेजी आई है। शुरुआती तकनीकी झिझक और असमंजस के दूर होने के बाद अब रोजाना औसतन 30 से 35 दस्तावेजों का निबंधन सुचारू रूप से निष्पादित किया जा रहा है।

जिला अवर निबंधक गिरीशचंद्र ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत डीड तैयार करने से लेकर स्टांप शुल्क भुगतान, बायोमेट्रिक ई-केवाईसी और डिजिटल हस्ताक्षर तक का पूरा काम ऑनलाइन संपादित किया जा रहा है।

रजिस्ट्री पूरी होते ही क्रेता व विक्रेता को दस्तावेज की सत्यापित डिजिटल प्रति क्यूआर कोड के साथ उनके व्हाट्सएप और ई-मेल पर तुरंत उपलब्ध करा दी जाती है। इस हाईटेक व्यवस्था से कार्यालयों के चक्कर लगाने और कागजी बोझ से मुक्ति मिली है। पारदर्शी प्रक्रिया के कारण जमीन के फर्जीवाड़े पर रोक लगी है।

डीएम ने नेपाली मूल की बधू को सौंपा विवाह निबंधन प्रमाण पत्र

डीएम ने बताया कि स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत नेपाल की जो महिलाएं शादी के बाद जिले में रहती हैं। इसमें प्रशासन के द्वारा अभियान चलाया जा रहा है कि शादी के बाद उनका रजिस्ट्रेशन हो, स्पेशल मैरिज एक्ट के अनुसार उनका रजिस्ट्रेशन किया जाता है। उसके बाद वह नागरिकता प्रमाण पत्र के लिए अप्लाई करें।

इसी कड़ी में जिला निबंधन कार्यालय में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत सेना निवासी सैफुल्लाह अंसारी व उनकी पत्नी अबनारूल खातून को उनका आधिकारिक विवाह निबंधन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

प्रमाणपत्र सौंपते हुए डीएम ने जोड़े को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। डीएम ने कहा कि विवाह का निबंधन कराना न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि यह महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और भविष्य की कई प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। मौके पर सदर एसडीएम विकास कुमार,सदर एसडीपीओ-वन अजीत कुमार,ओएसडी सुजीत कुमार आदि मौजूद रहे।