विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में आभूषण व्यवसायी को गोली मार 60 हजार कैश समेत चार लाख के आभूषण लूटे

Published: Tue, 01 Sep 2026 08:07 AM (IST)

पश्चिम चंपारण में बेतिया-लौरिया मार्ग पर आभूषण व्यवसायी गोविंद कुमार साह को बदमाशों ने गोली मारकर करीब 4 लाख के ...और पढ़ें

GMCH में ग्रामीणों ने किया हंगामा

GMCH में ग्रामीणों ने किया हंगामा

HighLights

  1. बेतिया में आभूषण व्यवसायी गोविंद कुमार साह को गोली मारी।

  2. बदमाशों ने 4 लाख के आभूषण और 60 हजार नकद लूटे।

  3. घायल व्यवसायी मोतिहारी के निजी अस्पताल में उपचाराधीन, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, बेतिया, (पश्चिम चंपारण)। बेतिया-लौरिया मार्ग में मनुआपुल चौक पर दुकान बंद कर घर लौट रहे आभूषण व्यवसायी गोविंद कुमार साह (45) को बदमाशों ने गोली मार लूटपाट की। उनके पास से करीब चार लाख के आभूषण एवं 60 हजार रुपये कैश लूटकर फरार हो गए। घटना सोमवार की रात 8:30 बजे सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ-दोकनपुर नहर के समीप की है।

सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी सुरेंद्र शाह के पुत्र गोविंद कुमार साह के सीने में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है। मोतिहारी के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 7.38.07 AM (1)

15 वर्षों से यहां चला रहे दुकान

गोविंद की दुकान बेतिया-लौरिया मार्ग में मनुआपुल चौक के समीप है। वे पिछले 15 वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं। घर से रोज आना-जाना करते हैं। सोमवार की देर शाम दुकान बंद कर बाइक से गरभुआ लौट रहे थे। उस दौरान हल्की वर्षा हो रही थी। वे सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ-दोकनपुर नहर के समीप पहुंचे तो दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका।

बाइक के हैंडल में लटक रहे थैले को छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने कट्टा निकालकर सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर गए और बदमाश थैला लेकर फरार हो गए।

स्वजन के अनुसार, व्यवसायी के पास करीब 60 हजार रुपये नकद तथा चार से पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आए। व्यवसायी के मोबाइल से फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर ग्रामीण व स्वजन पहुंचे और उन्हें गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एवं हास्पिटल (जीएमसीएच) में रात करीब 9:30 बजे पहुंचाया। उधर, सिरिसिया थानाध्यक्ष अनंत कुमार ने बताया कि व्यवसायी से लूटपाट की नीयत से आए बदमाशों ने गोली मारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। रास्ते में लगे सीसी कैमरे के फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी होगी।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 7.38.07 AM

इलाज के दौरान इमरजेंसी में हंगामा व तोड़फोड़

जीएमसीएच में रात करीब 9:30 बजे घायल को लेकर ग्रामीण व स्वजन पहुंचे। चिकित्सकों ने घायल की स्थिति को देखते हुए एक्स-रे व सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की बजाय एक्स-रे और सीटी स्कैन में चिकित्सकों ने उलझा दिया। घायल के स्वजन और ग्रामीण इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।

वार्ड में तोड़फोड़ और एक बेड को क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे के बाद इमरजेंसी में कार्यरत चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भागकर वार्ड से बाहर चले गए। करीब पांच घंटे तक इमरजेंसी की व्यवस्था प्रभावित रही। उसके बाद घायल व्यवसायी के स्वजन को बिना रेफर कराए निजी एंबुलेंस से मोतिहारी लेकर चले गए।