विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में छठियार की खुशियां मातम में बदलीं, खौलते तेल से झुलसी बच्ची की मौत पर अस्पताल में हंगामा

Published: Sat, 29 Aug 2026 09:17 PM (IST)

बेतिया में छठियार के भोज के दौरान खौलते तेल की कड़ाही गिरने से तीन वर्षीय बच्ची प्रीति कुमारी की मौत ...और पढ़ें

मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन आक्रोशित हो गए। फोटो- जागरण

मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन आक्रोशित हो गए। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Child Burn Death: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरगाहा (वार्ड संख्या 40) स्थित मिश्र टोला में शनिवार शाम खेलते समय चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कड़ाही गिरने से तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।

आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान स्थानीय मजदूर हरेंद्र पासवान की पुत्री प्रीति कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है।

छठियार का पकवान और हादसा

मृतका के पिता ने बताया कि उनके छोटे भाई के नवजात शिशु के छठियार का भोज चल रहा था और घर में भोजन पकाया जा रहा था। मछली तलने के लिए चूल्हे पर कड़ाही में तेल खौल रहा था, तभी बाहर खेल रही प्रीति की गेंद चूल्हे के पास चली गई।

मासूम बच्ची जब अपनी गेंद उठाने चूल्हे के समीप पहुंची, तभी अचानक चूल्हे पर रखी गर्म कड़ाही पलटकर उसके ऊपर आ गिरी।

मासूम की मौत से कोहराम

गर्म तेल और मसालों की चपेट में आने से बच्ची बुरी तरह झुलस गई, जिसे स्वजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी।

मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले हरेंद्र पासवान की दो पुत्रियों में प्रीति एक थी, जिसकी असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

जीएमसीएच परिसर में हंगामा

मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना, नगर थाना, कालीबाग थाना की पुलिस और क्यूआरटी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच और विधिक प्रक्रिया में जुट गई है।