बिहार में पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री की तैयारी पूरी, वकील और डीड राइटर समेत इन्हें मिलेगा लाइसेंस
बेतिया के निबंधन कार्यालय में जल्द ही पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी, जिससे क्रेता-विक्रेताओं को कागजी कार्यवाही से मुक्ति मिलेगी। यह नई प्रण ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड सांकेतिक फोटो
HighLights
बेतिया में जल्द शुरू होगी पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री सुविधा।
नई प्रणाली से रजिस्ट्री होगी अधिक पारदर्शी और तेज।
डीड राइटरों को सेवा प्रदाता के रूप में लाइसेंस मिलेगा।
जागरण संवाददाता, बेतिया। जिले के निबंधन कार्यालय में आने वाले क्रेता एवं विक्रेताओं को शीघ्र पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री की सुविधा मिलने वाली है। पहले चरण में बिहार के 15 निबंधन कार्यालयों में यह सुविधा प्रदान की जाएगी। सब कुछ ठीकठाक रहा, तो यह सुविधा शीघ्र मिलने लगेगी।
बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने इस संबंध में सभी समाहर्ता-सह-जिला निबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया है। विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मुख्यालय से आदेश मिलते ही जिले में नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
प्रशासन की तैयारी पूरी
जिला अवर निबंधक गिरीशचंद्र ने बताया कि बिहार निबंधन नियमावली 2026 एवं बिहार स्टाम्प (सेवा प्रदाता की अनुज्ञप्ति एवं ई-स्टाम्प की आपूर्ति) नियमावली 2026 के तहत पेपरलेस निबंधन प्रणाली लागू की जा रही है। इसके लिए विभाग ने आवश्यक तैयारी पूरी कर ली है।
पश्चिम चम्पारण जिला निबंधन कार्यालय भी नई व्यवस्था को लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में अधिवक्ता, दस्तावेज नवीनवीस, मुहर्रिर और डीड राइटरों को सेवा प्रदाता के रूप में अनुज्ञप्ति दी जाएगी।
ये सेवा प्रदाता दस्तावेज तैयार करने, ऑनलाइन अपलोड करने, ई-सिग्नेचर, पक्षकारों एवं गवाहों के ई-हस्ताक्षर, स्टाम्प शुल्क की गणना, स्लॉट बुकिंग तथा ई-स्टाम्प कोड जारी करने सहित पूरी प्रक्रिया में लोगों की सहायता करेंगे।
नई व्यवस्था से जमीन रजिस्ट्री होगी और पारदर्शी
जिला अवर निबंधक के अनुसार पेपरलेस व्यवस्था लागू होने के बाद जमीन की रजिस्ट्री पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तेज होगी। लोगों को कागजी दस्तावेजों का बंडल लेकर कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। सभी दस्तावेज ऑनलाइन तैयार और अपलोड होंगे।
खबरें और भी
बायोमेट्रिक सत्यापन, ई-केवाईसी और डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रजिस्ट्री पूरी होने के बाद दस्तावेज की डिजिटल प्रति तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी। इस व्यवस्था से रजिस्ट्री में लगने वाला समय काफी कम होगा। कागजों के गुम होने या क्षतिग्रस्त होने की समस्या समाप्त होगी।
विभाग की ओर से सेवा प्रदाताओं को अनुज्ञप्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यालय से अंतिम आदेश प्राप्त होते ही सभी निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस डिजिटल रजिस्ट्री सेवा लागू कर दी जाएगी। -गिरिश चंद्र, जिला अवर निबंधक बेतिया