बेतिया में मोबाइल विवाद पर युवक 60 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप
बेतिया में एक युवक अपने दोस्त द्वारा मोबाइल फोन ले जाने और पुलिस की कार्रवाई न होने से नाराज होकर 60 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे के ...और पढ़ें

टावर पर चढ़ा युवक व जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। दोस्त ने मोबाइल फोन ले लिया और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही , इससे नाराज मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोड़वा टोला निवासी वीर बहादुर साह का पुत्र सोनू कुमार (26) शनिवार की सुबह आठ बजे के आसपास वृद्ध आश्रम के समीप हाईटेंशन विद्युत संचरण टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ते की इलाके में अफरा-तफरी मच गई, सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उससे नीचे उतरने की आरजू मिन्नत करने लगे। लेकिन वह करीब 60 फिट ऊंचे बिजली टावर पर इत्मीनान से बैठा रहा।
इस टावर से एक लाख 32 वोल्ट की विद्युत आपूर्ति बेतिया से रामनगर होती है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची। उसके स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। तुरंत विद्युत सप्लाई बंद कराया गया।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुलाई गई। पुलिस पदाधिकारी काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं था। वह बार-बार कह रहा था कि उसके एक दोस्त ने उसका मोबाइल फोन ले लिया है, जो वापस नहीं कर रहा है।
मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जिस कारण वह टावर पर चढ़ा है। करीब चार घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा के दौरान तेज धूप के कारण सभी परेशान हो गए। तब युवक की मां और स्वजन उससे नीचे उतरने का गुहार लगाने लगे।
खबरें और भी
तेज धूप के कारण वह भी परेशान हो गया था। उसने कहा कि पहले पुलिस वाले हटे, तब वह नीचे उतरेगा। यह सुन पुलिस कर्मी करीब दो सौ मीटर अलग हट गए। फिर वह टावर से नीचे उतरा और फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ करने उसके घर गई, लेकिन वह घर पर भी नहीं मिला। युवक की शादी हो गई है। उसे एक बेटा भी है। स्वजन ने बताया कि करीब एक माह पहले वह शराब के मामले में जेल गया था।
जेल जाने से पहले उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप गायब हो गया था। उसके एक दोस्त के द्वारा मोबाइल फोन लेने की बात कही जा रही है। जेल से आने के बाद उसका लैपटॉप तो मिल गया लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला।
मोबाइल फोन से उसके पैसे भी गायब है। मोबाइल फोन और पैसे नहीं मिलने के कारण युवक काफी नाराज था। विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि टावर के ऊपरी आखिरी किनारे से विद्युत तार के सहारे विद्युत की सप्लाई होती है।
इंसुलेटर लगे होने के कारण टावर के लोहे में करंट नहीं रहता है। इस बावत सदर वन एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस उसके घर गई थी, लेकिन वह घर से फरार है। मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई हो रही है।