विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीविका दीदियों के लिए बिहार सरकार का मेगा प्लान: बकरी शेड, पुस्तकालय और हर ब्लॉक में मार्ट; ₹20000 की मदद भी

Published: Sat, 07 Nov 2026 04:47 PM (IST)

सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर पंचायत में ग्रामीण हाट और प्रखंडों में जीविका मार्ट स्थापित करेगी।

महिलाओं से बात करते मंत्री श्रवण कुमार। (जागरण)

महिलाओं से बात करते मंत्री श्रवण कुमार। (जागरण)

HighLights

  1. हर पंचायत में ग्रामीण हाट, प्रखंडों में जीविका मार्ट स्थापित होंगे।

  2. बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए बकरी शेड बनेंगे।

  3. जीविका दीदियों को वित्तीय सहायता और ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

संवाद सूत्र, बगहा। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार नई पहल करने जा रही है।

इसके तहत प्रत्येक पंचायत में ग्रामीण हाट और हर प्रखंड में जीविका मार्ट की स्थापना की जाएगी। साथ ही बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए बकरी शेड, सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए जीविका भवन तथा ग्रामीणों में अध्ययन की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए पुस्तकालय की व्यवस्था की जाएगी।

उक्त बातें शुक्रवार को बगहा दो प्रखंड की बिनवलिया बोदसर पंचायत के नारायणगढ़ गांव में आयोजित जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहीं।

सत्याग्रह संकुल स्तरीय संघ के अंतर्गत जागृति जीविका महिला ग्राम संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने जीविका दीदियों से सीधा संवाद किया और उनके कार्यों तथा अनुभवों की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

उनकी उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने के लिए बाजार, आधारभूत संरचना और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंत्री ने बताया कि ग्रामीण हाट के माध्यम से जीविका दीदियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार मिलेगा। वहीं, प्रखंड स्तर पर स्थापित होने वाले जीविका मार्ट में पारंपरिक खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, वस्त्र और स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन की सुविधा होगी।

इससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने और व्यापक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने व्यवसाय में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पात्र जीविका दीदियों को एमएमआरवाई के तहत 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने की पहल की भी जानकारी दी।

जीविका निधि के माध्यम से मिलेगा ऋण

जीविका निधि के माध्यम से व्यावसायिक ऋण उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया, ताकि महिलाएं अपने पुराने व्यवसाय का विस्तार करने के साथ नए उद्यम शुरू कर सकें।

जीविका भवन में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल स्तरीय संघ की बैठक, प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियां संचालित होंगी।

बकरी पालन से जुड़ी महिलाओं के लिए बकरी शेड निर्माण की पहल भी आजीविका को मजबूत करने में सहायक होगी।

इस अवसर पर वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, डीआरडीए निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जीविका के डीपीएम आरके निखिल, बगहा दो के बीपीएम हिमांशु कुमार, प्रबंधक मो. अमजद, अमन तिवारी, स्थानीय मुखिया सीमा देवी, सत्याग्रह संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष रंजिता काजी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जीविका कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें- जीविका दीदी की बेटी ने BHU से मुजफ्फरपुर कोर्ट तक गाड़े सफलता के झंडे, जज बनकर रोशन किया वैशाली का नाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।