विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के एक घर में घुसे किंग कोबरा और अजगर, पालतू कुत्ते ने बचाई परिवार की जान

By Vinod Rao Edited By: Ajit kumar
Published: Wed, 05 Aug 2026 12:34 PM (IST)

Python In Bihar House: बिहार के बगहा में एक घर में किंग कोबरा और अजगर एक साथ घुस गए, जिससे ...और पढ़ें

HighLights

  1. बगहा के घर में किंग कोबरा और अजगर का प्रवेश।

  2. पालतू कुत्ते ने परिवार को खतरे से किया सतर्क।

  3. वन विभाग ने दोनों सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Python In Bihar House: क्या हो जब आप अपने घर में सपरिवार सो रहे हों और सांप दिख जाए? क्या हो यदि किंग कोबरा और अजगर एक साथ दिख जाए?

बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र स्थित गोनौली गांव में मंगलवार रात कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इसके बाद तो हड़कंप ही मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोनौली गांव निवासी सोनालाल साह के घर में दो विशालकाय विषधर एक ही साथ दाखिल हो गए थे। एक तरफ अति जहरीला किंग कोबरा था तो दूसरी ओर भारी-भरकम अजगर।

घर में मचा हड़कंप

एक ही स्थान पर दोनों खतरनाक सांपों को आमने-सामने देखकर घरवालों के तो मानों हाथ-पांव ही फूल गए। गांव में देर रात के सन्नाटे में घर का माहौल पूरी तरह से खौफजदा हो गया। घर में सो रहे सभी परिवार की नींद उड़ गई। परिवार के सदस्य डर के मारे सहम गए।

वफादार कुत्ते की सतर्कता

इस पूरे घटनाक्रम में कुत्ते की भूमिका की सभी सराहना कर रहे हैं। जब जंगल से निकल कर ये दोनों विषधर घर में दाखिल हो गए तो पालतू कुत्ते ने अचानक असामान्य रूप से जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया।

उसकी लगातार इस तरह की आवाज सुनकर घर में सो रहे लोगों की नींद खुली और समय रहते किसी बड़े खतरे की आहट हुई। परिजन तुरंत सतर्क हुए और उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो दंग रह गए।

वन विभाग को सूचना

खतरे को देखते हुए गृहस्वामी सोनालाल साह ने बिना देर किए वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही गोनौली वन क्षेत्र की टीम एक्शन में आ गई। प्रशिक्षित स्नेक कैचर मुरारी कुमार भी तुरंत मौके पर पहुंचे।

सांपों का सफल रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों सांपों को सुरक्षित रूप से काबू में किया। किंग कोबरा और अजगर दोनों को अलग-अलग सावधानीपूर्वक पकड़ा गया। इसके बाद उन्हें वीटीआर के घने जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया।

दो साल पुरानी यादें

सोनालाल साह के पुत्र नितेश कुमार ने इस संबंध में बताया कि दो साल पहले भी बरसात के समय किंग कोबरा घर में घुस गया था। उस समय भी उनके पालतू कुत्ते की सतर्कता से पूरा परिवार समय रहते सुरक्षित हो सका था। उस समय भी वन विभाग की टीम ने ही आकर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया था।

बारिश के समय खतरा

वन अधिकारियों का कहना है कि गर्मी और बारिश के दिनों में ऐसे मामले अक्सर बढ़ जाते हैं। जलभराव और भोजन की तलाश में वन्यजीव जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं। इसलिए सीमावर्ती गांवों के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घरों के आसपास हमेशा साफ-सफाई बनाए रखें। सतर्क रहें। रात के समय घरों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखें। विषैले जीवों को स्वयं पकड़ने का जोखिम कभी न उठाएं। किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग की प्रशिक्षित टीम को ही सूचित करें।

यह भी पढ़ें- बिहार में महिला ने जान पर खेलकर पकड़ा 10 फीट का किंग कोबरा, अब अस्पताल में भर्ती