विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में बिरयानी हाउस में काम कराने के लिए छात्र का अपहरण, 24 घंटे में बरामद

Published: Thu, 29 Oct 2026 04:43 PM (IST)

पश्चिमी चंपारण के चनपटिया में एक किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने चाय दुकान संचालक पिता-पुत्र को गिरफ्तार ...और पढ़ें

छात्र अमित कुमार

छात्र अमित कुमार 

HighLights

  1. चनपटिया में किशोर अपहरण मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार।

  2. आरोप है कि किशोर को बहला-फुसलाकर पटना भेजा गया।

  3. पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

संवाद सूत्र, चनपटिया (पश्चिमी चंपारण)। पश्चिमी चंपारण के चनपटिया में अपहृत छठी कक्षा के छात्र अमित कुमार (12) को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने बुधवार की शाम छात्र को चनपटिया रेलवे स्टेशन के समीप से बरामद किया। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी

गिरफ्तार आरोपित टिकुलिया वार्ड संख्या 12 निवासी सुरेश प्रसाद साह (55) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उसके पुत्र विपिन कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने बताया कि कर्णपट्टी गांव निवासी धुरेंद्र यादव ने बुधवार को अपने पुत्र अमित के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

स्कूल जाने निकला था छात्र

प्राथमिकी के अनुसार, अमित मंगलवार की सुबह पीएम श्री उच्च विद्यालय जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

इसी दौरान स्वजन को जानकारी मिली कि टिकुलिया चौक स्थित बेवफा चाय दुकान का संचालक विपिन कुमार उसे बहला-फुसलाकर सुबह की बस से पटना ले गया है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान बुधवार की शाम छात्र को चनपटिया रेलवे स्टेशन के समीप से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने छात्र से पूछताछ कर उसके पटना ले जाए जाने के संबंध में जानकारी ली।

स्कूल ड्रेस भी फेंकी

छात्र ने पुलिस को बताया कि विपिन उसे बस से पटना ले गया था। रास्ते में उसका स्कूल ड्रेस और किताब फेंककर उसे दूसरे कपड़े पहना दिए गए। छात्र के अनुसार, उसे पटना के चनपटिया बिरयानी हाउस में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था।

मुख्य आरोपित की तलाश

पुलिस ने मामले में सुरेश प्रसाद साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, उसके पुत्र विपिन कुमार को मुख्य आरोपित बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।