'पापा मुझे बचा...', कॉल कटते ही थमी विवाहिता की सांस, चौतरवा में हत्या कर झाड़ियों में छिपाया शव
Bagaha Dowry Death: पश्चिम चंपारण के चौतरवा में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने शव को गंडक नदी किनारे झाड़ियों ...और पढ़ें

प्रमिला देवी। फाइल फोटो
HighLights
चौतरवा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या।
ससुराल वालों ने शव गंडक किनारे झाड़ियों में छिपाया।
पुलिस ने शव बरामद कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
संवाद सूत्र, चौतरवा(पश्चिम चंपारण)। Bagaha Dowry Death: जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र स्थित पतिलार पंचायत के दुसाधि पट्टी गांव में शनिवार को दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
ससुराल वालों ने हत्या के बाद साक्ष्य (सबूत) मिटाने की नीयत से शव को गंडक नदी के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है। मृतका की पहचान मुकेश यादव की 25 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है।
...और बंद हो गया मोबाइल
घटना को लेकर मृतका के पिता, लौरिया थाना क्षेत्र के मांगुराहा गांव निवासी कन्हैया यादव ने चौतरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे प्रमिला ने फोन कर रोते हुए गुहार लगाई थी, "पापा मुझे बचा लीजिए, ससुराल वाले मेरे साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं और मुझे मार डालेंगे।" इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया, जिसके बाद अनहोनी की आशंका में परिजन बेटी के ससुराल भागे।
झाड़ियों से बरामद हुआ शव
बेटी का फोन कटने और मोबाइल बंद होने के बाद जब तक मायके वाले दुसाधि पट्टी गांव पहुंचते, तब तक वारदात को अंजाम दिया जा चुका था।
सूचना मिलते ही चौतरवा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव में पूछताछ के बाद पुलिस ने जब छानबीन शुरू की, तो दोपहर बाद दुसाधि पट्टी सरेह के पास गंडक नदी के किनारे झाड़ियों से प्रमिला देवी का शव बरामद हुआ।
बच्चियों के सिर से उठा मां का साया
मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में अपनी पुत्री की शादी मुकेश यादव के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
उन्होंने मैना देवी, राधा यादव, बबीता देवी, राजेश यादव और सुकई यादव समेत अन्य ससुराल वालों पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रमिला का पति मुकेश यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में बिहार से बाहर रहता है। मृतका की चार वर्ष और छह माह की दो मासूम बेटियां हैं, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।