विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

West Champaran: विधवा भाभी से दूसरी शादी के बाद पहली पत्‍नी की स‍ंदिग्‍ध मौत, पति गिरफ्तार; ससुरालवाले फरार

By Madhusudan KumarEdited By: Prateek Jain
Published: Sat, 26 Aug 2023 05:20 PM (IST)

West Champaran Crime मैनाटांड़ के वार्ड संख्या पांच निवासी ब्रजेश कुमारी की पत्नी पिंकी देवी (30) की शुक्रवार की रात ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोते-बिलखते मायके वाले। जागरण
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोते-बिलखते मायके वाले। जागरण

HighLights

  1. ससुरालवालों पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप
  2. मृतका पिंकी देवी के शव का पोस्टमार्टम के बाद मायकेवालों को सौंपा गया
  3. मृतका के पति ब्रजेश कुमार से पुलिस कर रही पूछताछ

बेतिया/ मैनाटांड़ (पश्चिम चंपारण), संवाद सूत्र: मैनाटांड़ के वार्ड संख्या पांच निवासी ब्रजेश कुमारी की पत्नी पिंकी देवी (30) की शुक्रवार की रात करीब दस बजे ससुराल में पारिवारिक कलह के चलते संदिग्‍ध मौत हो गई।

मृतका के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति ब्रजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मैनाटांड़ के थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिंहा ने बताया कि जगदीशपुर थाना के पंडितपुर गांव निवासी मृतका के भाई अभिषेक कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

प्राथमिकी में मृतका के पति ब्रजेश समेत ससुर प्रभु साह, सास गिरजा देवी व सोनम देवी (बृजेश की दूसरी पत्‍नी) को नामजद किया गया है। पोस्टमार्टम कराकर शव मृतका के भाई को सौंप दिया गया है।

2016 में धूमधाम से हुई थी पिंकी और ब्रजेश की शादी

मृतका के भाई का कहना है कि वर्ष 2016 में पिंकी की शादी ब्रजेश कुमार से हुई थी। दोनों का खुशहाल जीवन चल रहा था। इन्हें चार बच्चे पलक (06), गुनगुन (05), कुंज (03) तथा बेबी (06 माह) हैं।

वर्ष 2017 में मुख्य आरोपित ब्रजेश कुमार के बड़े भाई राज कुमार की मौत करंट लगने से हो गई थी। राज कुमार की पत्नी सोनम देवी विधवा हो गई। दो बच्चों की मां सोनम विभाग की ओर से मुआवजे के रुप में चार लाख रुपये भी मिले।

2022 में ब्रजेश ने भाभी से रचाई शादी

वर्ष 2022 में परिवार की रजामंदी से ब्रजेश ने पहली पत्‍नी के होते हुए अपनी विधवा भाभी सोनम देवी से विधि विधान के साथ दूसरी शादी कर ली।

इसके बाद घर में माहौल तनावपूर्ण होने लगा। मृतका के भाई का आरोप है कि विधवा भाभी से शादी करने के बाद पिंकी के पति ब्रजेश समेत ससुर प्रभु साह, सास गिरजा देवी व सोनम देवी का व्यवहार बदल गया। पिंकी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इसको लेकर पूर्व में थाने में शिकायत भी की गई थी।

उधर, गिरफ्तार ब्रजेश कुमार का कहना है कि पारिवारिक कलह में उसकी पत्नी पिंकी देवी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। वे लोग अस्पताल ले गए थे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, उसके बाद पुलिस पहुंची और ब्रजेश को गिरफ्तार कर लि‍या। परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं।

वहीं, थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

बहन की तबीयत खराब होने की मिली थी सूचना

मृतका के भाई ने बताया कि शुक्रवार की रात 12 बजे के बाद मृतका के पति के बहनोई अभय कुमार ने फोन कर बताया कि आपकी बहन की तबीयत खराब है। सूचना के बाद वह परिजनों के साथ मैनाटांड़ के लिए निकले। रास्ते में ही सूचना मिली कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।