बगहा-सेमरा मार्ग पर खरपोखरा रेलवे फाटक सात घंटे रहेगा बंद, आवाजाही रहेगी बाधित
Bagaha Railway News: बगहा-सेमरा मुख्य सड़क पर खरपोखरा रेलवे समपार संख्या 49 दोहरीकरण कार्य के कारण 9 मई की रात 10 बजे से 10 मई की सुबह 5 बजे तक सात घं ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bagaha Railway News: बगहा-सेमरा मुख्य सड़क पर स्थित खरपोखरा रेलवे समपार संख्या 49 शनिवार की रात सात घंटे तक पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे दोहरीकरण कार्य के कारण इस दौरान छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दोहरीकरण के लिए बंद रहेगा फाटक
रेलवे प्रशासन के अनुसार पूर्व मध्य रेल निर्माण संगठन नरकटियागंज की ओर से बगहा-नरकटियागंज रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में खरपोखरा रेलवे स्टेशन के समीप नई रेल लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
रात 10 से सुबह पांच बजे तक बंदी
रेलवे विभाग ने बताया कि नौ मई की रात 10 बजे से निर्माण कार्य शुरू होगा, जो 10 मई की सुबह पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान रेलवे फाटक पूरी तरह बंद रहेगा और किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन संभव नहीं होगा।
पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध
रेलवे के सहायक अभियंता (निर्माण) की ओर से स्थानीय प्रशासन और पटखौली थाना को पत्र भेजकर सहयोग मांगा गया है। निर्माण कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया गया है।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान बगहा-सेमरा मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। प्रशासन ने कहा कि इससे जाम और असुविधा की स्थिति से बचा जा सकेगा।