पश्चिम चंपारण में सड़क के लिए भूख हड़ताल, जलजमाव और कीचड़ से हजारों लोगों का आवागमन ठप
Bihar Rural Road News: पश्चिम चंपारण के बसंतपुर गांव में बदहाल सड़क, जलजमाव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर ...और पढ़ें

गांव की बदहाल सड़क से आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
HighLights
बसंतपुर गांव में सड़क, जलजमाव, कीचड़ से परेशानी।
ग्रामीण गौरव पासवान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे।
सड़क निर्माण तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Road Protest: लौरिया प्रखंड के बसंतपुर गांव में बदहाल सड़क, जलजमाव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है।
सोमवार से ग्रामीण गौरव पासवान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं, जिन्हें गांव के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
सड़क निर्माण की मांग
भारी जलजमाव और कीचड़ के बीच कई ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में शामिल हुए। करीब छह हजार की आबादी वाले बसंतपुर गांव के लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
दो किलोमीटर सड़क बदहाल
ग्रामीणों के अनुसार बेतिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग से चुराया गांव तक करीब दो किलोमीटर सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बरसात में सड़क पर घुटनों तक कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।
दर्जनों गांवों पर असर
यह सड़क बसंतपुर, धनकुटवा, नरकटिया, गौचरी समेत दर्जनों गांवों को सिकटा और मैनाटांड़ प्रखंड से जोड़ती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बच्चों और मरीजों की बढ़ी मुश्किल
जलजमाव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
खबरें और भी
भूख हड़ताल पर बैठे गौरव पासवान ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।