विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी चंपारण के भुईंधरवा दियारा में तेंदुए की दस्तक, पैरों के निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत

Published: Fri, 06 Feb 2026 04:19 PM (IST)

पश्चिमी चंपारण के भितहा थाना क्षेत्र के भुईंधरवा दियारा में तेंदुए के पगमार्ग मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई ...और पढ़ें

दियारा में तेंदुए की दस्तक

दियारा में तेंदुए की दस्तक

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, भितहा। भितहा थाना क्षेत्र के भुईंधरवा दियारा में तेंदुए के पगमार्ग मिलने के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की रात दियारा क्षेत्र से भटक कर तेंदुआ पीपी तटबंध की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान दियारा में खेती कर लौट रहे कुछ किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर वापस जा रहे थे। 

अचानक ट्रैक्टर की तेज रोशनी में तेंदुआ सामने खड़ा दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही किसानों में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ वापस दियारा की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शुक्रवार को वन विभाग को इसकी सूचना दी।

कई दिनों से दियारा क्षेत्र में भटक रहा

सूचना मिलते ही बगहा वन क्षेत्र के रेंजर श्रीमान मालाकार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम भुईंधरवा दियारा पहुंची। वन कर्मियों ने ग्रामीणों द्वारा बताए गए स्थानों का निरीक्षण किया, जहां तेंदुए के पगमार्ग मिलने की पुष्टि हुई। रेंजर ने बताया कि तेंदुआ कई दिनों से दियारा क्षेत्र में भटक रहा है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। 

हालांकि तेंदुआ लगातार अपना स्थान बदल रहा है, जिसके कारण अभी तक उसे पकड़ना संभव नहीं हो सका है। वन विभाग की टीम दियारा क्षेत्र में कैंप कर लगातार निगरानी कर रही है।

तत्काल सूचना देने की अपील

वन विभाग ने आसपास के गांवों और दियारा में खेती करने वाले किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही तेंदुआ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि मदनपुर जंगल से भटक कर अक्सर जंगली जानवर गंडक नदी के किनारे फैले दियारा क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। सैकड़ों एकड़ में फैले इस इलाके में रेस्क्यू अभियान चलाना वन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। फिलहाल तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।