विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ से पटना के लिए चलेगी सीधी बस, विधायक की पहल पर मिली मंजूरी

Published: Sat, 05 Sep 2026 05:13 PM (IST)

Mainatand To Patna Bus: पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ से पटना के लिए सीधी बस सेवा जल्द शुरू होगी, जिसे विधायक ...और पढ़ें

मैनाटांड़ से पटना जाने वाले यात्रियों को बेतिया या अन्य बस पड़ावों पर गाड़ी बदलनी पड़ती है। फाइल फोटो

मैनाटांड़ से पटना जाने वाले यात्रियों को बेतिया या अन्य बस पड़ावों पर गाड़ी बदलनी पड़ती है। फाइल फोटो

संवाद सूत्र, इनरवा (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Bus Service: सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा की विशेष पहल पर मैनाटांड़ प्रखंड मुख्यालय से राजधानी पटना के लिए जल्द सीधी बस सेवा शुरू होने जा रही है।

इस रूट पर सीधी परिवहन सुविधा बहाल होने से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। वर्तमान में मैनाटांड़ से पटना जाने वाले यात्रियों को बेतिया या अन्य बस पड़ावों पर गाड़ी बदलनी पड़ती है।

यात्रियों को बड़ी राहत

बार-बार वाहन बदलने के कारण यात्रियों का अनावश्यक समय बर्बाद होता है और अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से राजधानी तक निर्बाध सफर के लिए सीधी बस चलाने की मांग की जा रही थी। जनहित की इस प्रमुख मांग को लेकर विधायक ने राज्य के परिवहन मंत्रालय से सीधा संपर्क साधा है।

मंत्रालय की सैद्धांतिक सहमति

विधायक समृद्ध वर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग ने इस मार्ग पर सीधी बस सेवा के संचालन के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है।

विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही मैनाटांड़ से पटना के लिए नियमित बसों का परिचालन विधिवत प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस घोषणा के बाद से प्रखंड क्षेत्र के दैनिक यात्रियों और व्यवसायियों में खुशी की लहर है।

सफर और दूरी

सड़क मार्ग से मैनाटांड़ से पटना की कुल दूरी लगभग 240 से 260 किलोमीटर है, जो बेतिया, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होकर गुजरती है।

वर्तमान समय में बेतिया में कनेक्टिंग बस बदलने के चक्कर में यात्रियों को करीब 8 से 9.5 घंटे का लंबा समय लग जाता है। इसमें मैनाटांड़ से बेतिया का डेढ़ घंटा और बस स्टैंड पर 45 मिनट तक का इंतजार शामिल है।

समय की होगी बचत

बेतिया से पटना तक बस का सफर आमतौर पर छह से सात घंटे का होता है। सीधी बस सेवा शुरू हो जाने के बाद यात्रियों को बार-बार उतरने और बस बदलने के झंझट से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।

इससे पूरा सफर बिना किसी परेशानी के लगभग छह से सात घंटे में ही आसानी से तय हो सकेगा।