Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिमी चंपारण में दारोगा निलंबित, पैसे लेते हुए वीडियो हुआ था वायरल; होमगार्ड के दो जवानों का वेतन रुका

    Updated: Fri, 01 May 2026 09:50 AM (IST)

    मझौलिया पुलिस के दारोगा जनार्दन पांडेय को बारात वाहन चालक से पैसा लेते वायरल वीडियो के बाद निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, बेतिया। विगत दिनों मझौलिया पुलिस की गश्ती टीम द्वारा बारात में जा रहे रॉक पार्टी के वाहन चालक से पैसा लेने का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने मझौलिया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक जनार्दन पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि गश्ती दल के साथ मौजूद होमगार्ड जवान बलिराम महतो व पन्नालाल चौधरी का अप्रैल माह के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

    एसपी के इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मीडिया सेल प्रभारी विश्व मोहन चौधरी ने बताया कि 28 अप्रैल को पुलिस को इंटरनेट पर प्रसारित एक वीडियो प्राप्त हुआ था। जिसमें मझौलिया थाना के गश्ती दल पर वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के द्वारा पैसा लेने का आरोप लगाया जा रहा था।

    वीडियो संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक ने मझौलिया थाना के उक्त गश्ती दल में मौजूद पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक जनार्दन पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और प्रसारित वीडियो में दिख रहे दो गृहरक्षकों बलिराम महतो व पन्नालाल चौधरी का अप्रैल माह का वेतन रोकते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है l

    बता दें कि विगत दिनों मझौलिया पुलिस का इंटरनेट पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था। रात में बनाई गई तीन मिनट 22 सेकंड के वीडियो में दिख रहा था कि पुलिस के एक पदाधिकारी व कुछ जवान सड़क किनारे खड़ी पुलिस की गाड़ी पर बैठे हैं। जबकि एक जवान गाड़ी के बाहर राइफल लेकर खड़ा है। पूछने पर वह खुद को मझौलिया थाना का बताता है। पुलिस गाड़ी से कुछ दूरी पर बारात जाने वाली रॉक पार्टी की गाड़ी खड़ी है।

    खबरें और भी

    वीडियो बनाने वाला आरोप लगा रहा है कि पुलिस टीम बारात जाने वाली रॉक पार्टी के गाड़ी के चालक से पैसे की मांग की है। हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर रहा है। वीडियो कब और कहां का है, यह भी स्पष्ट नहीं है।

    वीडियो में रॉक पार्टी के गाड़ी का चालक कह रहा था कि उसे पुलिस वालों ने 15-20 मिनट से रोका है। पुलिस वालों ने उससे खर्चा पानी की मांग किया है। वीडियो में एक व्यक्ति पैसा देते हुए भी दिख रहा है।

    वीडियो प्रसारित होने के बाद सदर वन एसडीपीओ विवेक दीप ने कहा था कि प्रसारित वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई होगी। जांच के बाद एसपी ने यह कार्रवाई किया है।

    यह भी पढ़ें- भागलपुर में बड़ा एक्शन : हाईकोर्ट की पहल पर 'रिमझिम' ध्वस्त, तिलकामांझी चौक चौड़ा, बरारी मार्ग को जाम से मुक्ति