मुंबई से बिहार लौट रहा बेटा घर नहीं पहुंचा, रेलवे ट्रैक किनारे मिली लाश
मुंबई में काम करने वाले आलोक तिवारी की बिहार लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव देवरिया और सलेमपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक ...और पढ़ें
-1779798196113_m.webp)
इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुंबई से लौट रहे आलोक तिवारी की संदिग्ध मौत।
देवरिया-सलेमपुर रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव।
पुलिस मामले की जांच में जुटी, गांव में शोक।
संवाद सूत्र, ठकराहा (पश्चिम चंपारण)। परिवार की खुशियों के लिए मुंबई में दिन-रात मेहनत करने वाला बेटा जब घर लौट रहा था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी वापसी इस तरह होगी।
बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के ठकराहा गांव के बाजारी टोला निवासी 35 वर्षीय आलोक तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। उनका शव यूपी के देवरिया और सलेमपुर रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक किनारे मिलने के बाद स्वजन बदहवास हैं।
रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
स्वजन के अनुसार आलोक तिवारी मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
दस्तावेजों से हुई पहचान
पुलिस ने तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की। इसके बाद स्वजन को सूचना दी गई। सोमवार देर शाम जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर आंख नम दिखी।
चार साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
आलोक रोबिन तिवारी के बड़े पुत्र थे। परिवार में दो भाई हैं, लेकिन घर की अधिकांश जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी है, जो अब पिता के साये से हमेशा के लिए दूर हो गई। पत्नी और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
खबरें और भी
गांव में शोक, मौत पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि आलोक बेहद मिलनसार, मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। वहीं, घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। स्वजन अब भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर आलोक के साथ हुआ क्या। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।