विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरकटियागंज अस्पताल से लैब मशीन हटाने की साजिश, BJP विधायक बोले-मेरी लाश पर ही जाएगी मशीन

By prabhat MishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Fri, 04 Sep 2026 06:07 PM (IST)

नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडे ने अनुमंडल अस्पताल से करोड़ों की अत्याधुनिक लैब मशीनें अन्यत्र भेजे जाने की कथित तैयारी का कड़ा विरोध किया है।

पश्चिम चंपारण में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक संजय कुमार पांडेय। जागरण

पश्चिम चंपारण में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक संजय कुमार पांडेय। जागरण

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। अनुमंडल अस्पताल को उपलब्ध कराई गई करोड़ों रुपये की अत्याधुनिक लैब मशीन को दूसरे स्थान पर भेजे जाने की कथित तैयारी को लेकर नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडे ने कड़ा विरोध जताया है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को मिली इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा को किसी भी सूरत में दूसरे स्थान पर नहीं भेजने दिया जाएगा। विधायक ने इस संबंध में जिलाधिकारी से भी अनुरोध किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने कहा कि सरकार ने अस्पताल के लिए बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर ऑटोमेटिक जांच मशीन और इम्यूनोलॉजी एनालाइजर मशीन स्वीकृत की है। दोनों मशीनें 31 जुलाई को अस्पताल पहुंच चुकी हैं।

मशीनों की स्थापना की तैयारी लगभग पूरी है और तकनीशियन समेत आवश्यक स्टाफ भी उपलब्ध हो गया है। इसके बावजूद मशीन को अन्यत्र भेजने का षड्यंत्र किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि इन मशीनों के चालू होने से एक घंटे में करीब 120 लोगों की होल बॉडी जांच की जा सकेगी तथा लगभग 400 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने सिविल सर्जन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि नरकटियागंज से यह मशीन मेरी लाश पर ही जाएगी।

मशीन हटाने का प्रयास हुआ तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में नरकटियागंज पहले से उपेक्षित रहा है। मशीन हटाने से क्षेत्र के लोगों की सुविधा छिनेगी और जनता के साथ अन्याय होगा।

उन्होंने कहा कि यदि मशीन के लिए यहां कोई समस्या थी तो सरकार ने इसे अस्पताल को उपलब्ध ही क्यों कराया। उन्होंने पूर्व में नरकटियागंज का बिजली ग्रिड दूसरे विधानसभा क्षेत्र में भेजे जाने का भी जिक्र किया।

विधायक ने कहा कि अब ऐसी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस मामले में संपर्क करने की बात कही। इसके बाद विधायक ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर मशीन और उसके लिए तैयार किए जा रहे कक्ष का निरीक्षण किया। मौके पर राजेश जायसवाल, बबलू सर्राफ, रंजन ओझा, बल्लू तिवारी, सुनील वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।