पश्चिम चंपारण में जंगल की राह में कदम-कदम पर खतरा, नेपाली युवक पर भालू का हमला
वाल्मीकि आश्रम से लौट रहे नेपाल के एक श्रद्धालु पर पश्चिम चंपारण के कालापानी क्षेत्र में भालू ने हमला कर ...और पढ़ें

जख्मी युवक का चल रहा इलाज।
HighLights
वाल्मीकि आश्रम से लौट रहे नेपाली श्रद्धालु पर भालू का हमला।
पश्चिम चंपारण के कालापानी क्षेत्र में हुई यह घटना।
दो शावकों के साथ भालू ने किया गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकि आश्रम के दर्शन कर लौट रहे नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए जंगल का रास्ता अचानक खौफनाक बन गया। कालापानी क्षेत्र में पीछे चल रहे एक श्रद्धालु पर भालू ने अचानक हमला कर दिया।
भालू के साथ उसके दो शावक भी थे। हमले में नेपाली युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद साथ चल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।
झूला पुल से पहुंचे थे वाल्मीकि आश्रम
नेपाल के त्रिवेणी गांवपालिका अंतर्गत शिवपुरगढ़ी निवासी चार लोग त्रिवेणी के झूला पुल से होकर वाल्मीकि आश्रम पहुंचे थे। सभी ने आश्रम में दर्शन किए। इसके बाद वे जटाशंकर मंदिर की ओर लौट रहे थे।
पीछे चल रहे श्रद्धालु पर बोला हमला
चारों लोग जंगल के रास्ते से लौट रहे थे। इसी दौरान कालापानी क्षेत्र में सबसे पीछे चल रहे 46 वर्षीय चित्र बहादुर मगर, पिता मान बहादुर मगर, अचानक भालू के सामने आ गए। इससे पहले कि वह संभल पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
शावकों के साथ था भालू
घायल चित्र बहादुर मगर ने बताया कि जिस भालू ने हमला किया, उसके साथ दो शावक भी थे। आशंका है कि शावकों को खतरा महसूस होने पर भालू ने आक्रामक होकर हमला किया।
साथियों ने संभाला मोर्चा
हमले के बाद साथ रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई। किसी तरह घायल को वहां से सुरक्षित निकाला गया। बाद में उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद जंगल के रास्ते आने-जाने वाले श्रद्धालुओं में भी दहशत है।
