Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Samastipur ASI Death: पिता की मौत के बाद अनुकंपा पर मिली थी बिहार पुलिस में नौकरी, पूरे गांव में मातम

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 07:17 PM (IST)

    Bihar Police: समस्तीपुर में बिहार पुलिस के एएसआई बबलू प्रसाद की संदिग्ध मौत से उनके पैतृक गांव कटैया में मातम पसर गया है। पिता की मृत्यु के बाद अनुकंप ...और पढ़ें

    सहायक अवर निरीक्षक के स्वजन। फोटो: जागरण

    सहायक अवर निरीक्षक के स्वजन। फोटो: जागरण

    संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bablu Prasad Death: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए बिहार पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पश्चिम चंपारण के कटैया पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    नौरंगिया थाना क्षेत्र के महुअवा कटहरवा पंचायत स्थित कटैया गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पिता के निधन के बाद मिली थी नौकरी

    बताया जाता है कि वर्ष 2009 में पिता के निधन के बाद बबलू प्रसाद को अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नियुक्ति मिली थी। अपनी कार्यशैली, व्यवहार और सामाजिक सक्रियता के कारण वे सहकर्मियों और ग्रामीणों के बीच काफी लोकप्रिय थे।

    समस्तीपुर रवाना हुए स्वजन

    घटना की जानकारी मिलते ही परिजन समस्तीपुर के लिए रवाना हो गए। नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन ने बताया कि सूचना मिलते ही परिवार को इसकी जानकारी दे दी गई। हालांकि परिवार की बुजुर्ग मां को उनकी सेहत को देखते हुए अभी तक घटना की जानकारी नहीं दी गई है।

    बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

    मृतक की पत्नी सुनीता कुमारी राजकीय प्राथमिक विद्यालय मटियरिया में शिक्षिका हैं। परिवार में 16 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार और 14 वर्षीय पुत्री सुनीधि कुमारी हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरें और भी

    पड़ोसी एवं रिश्तेदार प्रशांत कुमार ने बताया कि बबलू प्रसाद बेहद मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव के व्यक्ति थे। वे सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन की खबर से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

    जांच में जुटी पुलिस

    बबलू प्रसाद के परिवार में सबसे बड़ी बहन इंदू देवी, बड़े भाई मुन्ना कुमार, बहन रंभा कुमारी और सबसे छोटे भाई बागेश्वर प्रसाद हैं। फिलहाल समस्तीपुर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।