भारत-नेपाल सीमा पर नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप जब्त, तस्कर गिरफ्तार
Bihar Crime: भारत-नेपाल सीमा पर बसंतपुर एसएसबी ने 294 वायल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें
-1783076002808_m.webp)
आगे की कार्रवाई के लिए मैनाटांड़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। फोटो: एसएसबी
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात बसंतपुर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल भेजी जा रही 294 वायल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की खेप बरामद की है।
इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक किशोरी को अभिरक्षा में लिया गया। बरामद सामान, बाइक और दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए मैनाटांड़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
नाकेबंदी के दौरान पकड़ी गई खेप
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम एसएसबी को सूचना मिली थी कि बसंतपुर गांव के रास्ते नशीले इंजेक्शनों की खेप नेपाल भेजी जाएगी।
सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 416/4 के पास नाकेबंदी की गई। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक और उसके पीछे बैठी किशोरी को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बाइक पर रखे बैग से कुल 294 वायल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें क्रोबोमेथाजीन के 99 वायल, बुप्रेनार्फिन के 98 वायल तथा डायजेपाम के 97 वायल शामिल हैं।
किशोरी को लिया गया अभिरक्षा में
गिरफ्तार युवक की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी नजीर मियां के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी किशोरी नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मैनाटांड़ थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर ने की जांच
सूचना मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह भी थाने पहुंचे और जब्त इंजेक्शनों की जांच की। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक इन दवाओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
रक्सौल से खरीदने की बात कबूली
मैनाटांड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि पूछताछ में नजीर मियां ने प्रतिबंधित इंजेक्शनों की खेप रक्सौल से खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
खबरें और भी
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित नजीर मियां को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, अभिरक्षा में ली गई किशोरी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।