Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    बगहा में SP के रूट मार्च पर पथराव, 24 अग‍स्‍त तक इंटरनेट मीडिया बंद; पुलिस ने 50 से अधि‍क को हिरासत में लिया

    By Jagran NewsEdited By: Prateek Jain
    Updated: Tue, 22 Aug 2023 08:45 PM (GMT+05:30)

    बगहा में महावीरी झंडा जुलूस पर हमले के दूसरे दिन मंगलवार को उपद्रवियों ने रतनमाला में एसपी के रूट मार्च पर पथराव कर दिया। पुलिस ने उपद्रवियों को काबू ...और पढ़ें

    पत्थरबाजी करने वालों को दौड़ाती पुलिस : जागरण
    पत्थरबाजी करने वालों को दौड़ाती पुलिस : जागरण

    HighLights

    1. उपद्रवियों ने पत्रकारों के साथ की हाथापाई, मोबाइल समेत अन्य सामान छीने
    2. शहर में विभिन्न जगहों पर पुलिस बल तैनात, निजी स्कूल रहे बंद

    बगहा (पश्चिम चंपारण), संवाद सहयोगी: महावीरी झंडा जुलूस पर हमले के दूसरे दिन मंगलवार को उपद्रवियों ने रतनमाला में एसपी के रूट मार्च पर पथराव कर दिया। पुलिस ने उपद्रवियों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया।

    घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने 24 अगस्त तक इंटरनेट मीडिया सेवा बंद कर दी है। एसपी किरण कुमार गोरख जाधव के नेतृत्व में मंगलवार की दोपहर रूट मार्च निकाला जा रहा था।

    क्‍यूआरटी के दो जवानों का सि‍र फटा

    इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस के रूट मार्च और कुछ घरों पर पथराव कर दिया। दो पत्रकारों के साथ भी हाथापाई की और मोबाइल सहित अन्य सामान छीन लिए। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ कर लाठीचार्ज किया।

    पुलिस ने 50 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है। देर शाम रतनमाला में एक घर से पथराव किया गया। इस दौरान गश्त लगा रहे क्यूआरटी (क्विक रिस्‍पॉन्‍स टीम) के दो जवानों का सिर फट गया। इनमें शशि कुमार और विवेक कुमार शामिल हैं। अनुमंडलीय अस्पताल में उनका इलाज कराया गया।

    उपद्रव के बाद बंद रहे कई स्‍कूल-दुकान

    एसडीएम डॉ. अनुपमा सिंह, एसडीपीओ कैलाश प्रसाद, इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह व अभिनंदन सिंह आदि ने जवानों के साथ शहर व आसपास के इलाकों में भ्रमण किया।

    इधर, सुरक्षा को लेकर शहर के कई निजी स्कूल बंद रहे। दुकानों के शटर भी गिरे हुए थे। उल्लेखनीय है कि जुलूस के दौरान दो पक्षों में झड़प हुई थी। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव व हमला कर दिया था। चार पुलिस जवानों समेत 12 लोग घायल हो गए थे। 

    खबरें और भी

    बगहा बाजार में स्थिति समान्य हो गई है। सभी जगहों पर पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। शहर में पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है। बगहा के लोगों से अपील है कि शांति-व्यवस्था कायम रखने में पुलिस का सहयोग करें। शहर में अशांति फैलाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ प्राथमिकी की जाएगी। - किरण कुमार गोरख जाधव, एसपी, बगहा