Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    West Champaran News : नाना के साथ मां से मिलने निकली थी सकीना, रास्ते में ट्रैक्टर ने कुचला

    By Prabhat MishraEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Mon, 16 Mar 2026 05:30 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय किशोरी सकीना खातून की मौत हो गई। बालू और सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को ...और पढ़ें

    नरकटियागंज में घटना की सूचना पर रोते बिलखते स्वजन। जागरण

    नरकटियागंज में घटना की सूचना पर रोते बिलखते स्वजन। जागरण

    HighLights

    1. नरकटियागंज में सड़क हादसे में किशोरी सकीना खातून की मौत।

    2. बालू-सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी।

    3. पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, चालक फरार, मामले की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) । नरकटियागंज पुरानी बाजार स्थित गैस एजेंसी के समीप सोमवार को सड़क हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई है। तेज रफ्तार से बालू और सीमेंट लदा ट्रैक्टर बाइक को टक्कर मारते हुए किशोरी को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया।

    घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। मृत किशोरी की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुरवा गांव निवासी इम्तियाज शेख की पुत्री सकीना खातून (12) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सकीना इन दिनों अपने नाना रैफुल शेख के घर भतौड़ा गांव में रह रही थी।

    सोमवार को वह अपने नाना के साथ बाइक से बिशनपुरवा गांव अपनी मां से मिलने जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब उनकी बाइक पुरानी बाजार स्थित गैस एजेंसी के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बालू और सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर लगते ही सकीना सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई। ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

    वहीं बाइक से दूसरी ओर गिरे उसके नाना बाल-बाल बच गए हैं। घटना के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इसी बीच ट्रैक्टर चालक भीड़ का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

    सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस पहुंची और किशोरी व उसके नाना को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सकीना को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू और सीमेंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है।

    खबरें और भी

    शिकारपुर थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक किशोरी की मौत हुई है। एसआई पप्पू यादव, एकता सागर समेत पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।