विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशोर की हत्या से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, शव के साथ बेतिया-सरिसवा रोड किया जाम

By Manoj MishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 22 Sep 2026 11:20 AM (IST)

किशोर सूरज जायसवाल की हत्या के बाद बेतिया के लालगढ़ गांव में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हत्यारों की ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सड़क जाम करते ग्रामीण।

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सड़क जाम करते ग्रामीण।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव में सोमवार को दबिला (धारदार हथियार) से वार कर किशोर सूरज जायसवाल की हत्या किए जाने के बाद मंगलवार की सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

घटना से नाराज ग्रामीण शव के साथ सड़क पर उतर गए और हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेतिया-सरिसवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर हल्की आगजनी भी किया।

सुबह करीब सात बजे से नौ बजे तक सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया।

इसी बीच चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन भी मौके पर पहुंच गए। विधायक, पूर्व विधायक और पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ।

पुराने विवाद में हुई थी हत्या

बताया जाता है कि लालगढ़ गांव में सोमवार को पुराने विवाद को लेकर सूरज जायसवाल (17) पर दबिला से हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना के दौरान बचाने पहुंचे उसके चचेरे भाई शिवम जायसवाल पर भी हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज जीएमसीएच में चल रहा है।

घटना के बाद मुफस्सिल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। ग्रामीणों की मांग है कि हत्या में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।