Bihar News : घर में एक साथ निकले दो कोबरा, फन फैलाए देख परिवार के उड़ गए होश
बगहा के आनंद नगर में एक घर से दो कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया, जिन्हें वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। बारिश के मौसम में सांपों के ...और पढ़ें

घर से निकले दो कोबरा । जागरण
HighLights
बगहा के आनंद नगर में घर से निकले दो कोबरा।
वन विभाग की टीम ने दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बारिश में सांपों से बचाव के लिए वन विभाग ने दी सलाह।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। लगातार हुई बारिश के बाद बढ़ी उमस और भीषण गर्मी के बीच शहर में जहरीले सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं।
मंगलवार को नगर परिषद बगहा के वार्ड संख्या-16 स्थित आनंद नगर मोहल्ले में एक ही घर से दो कोबरा सांप निकलने से परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते वन विभाग की टीम ने दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
लकड़ी के ढेर में फन फैलाए बैठे थे दोनों सांप
जानकारी के अनुसार आनंद नगर निवासी सुनील चौधरी के घर में सुबह लकड़ी के ढेर के पास हलचल दिखाई दी। जब परिवार के सदस्य पास पहुंचे तो वहां दो कोबरा सांप फन फैलाए बैठे थे। यह नजारा देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। सभी सुरक्षित स्थान पर चले गए और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़े दोनों कोबरा
सूचना मिलते ही वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी श्रीमान मालाकार के निर्देश पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सतर्कता और मशक्कत के बाद दोनों जहरीले कोबरा सांपों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद दोनों सांपों को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
बरसात में बढ़ जाता है सांप निकलने का खतरा
वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी ने बताया कि बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, गोदामों तथा लकड़ी या कबाड़ के ढेर की ओर पहुंच जाते हैं। इस मौसम में लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
खबरें और भी
वन विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
वन विभाग ने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, लकड़ी और कबाड़ का अनावश्यक ढेर नहीं लगाने, गड्ढों को भरने तथा रात के समय बाहर निकलते वक्त टॉर्च का इस्तेमाल करने की अपील की है।
अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। थोड़ी-सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है।