VTR जंगल सफारी को लेकर बड़ा अपडेट, वन विभाग की छह नई जीप से अनुभव होगा और खास
Bihar Tourism Update: वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए छह नई आधुनिक जीपें शामिल की गई हैं। बढ़ती पर्यटकों की संख ...और पढ़ें

Jungle Safari Experience: पर्यटकों को बेहतर और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा। यह तस्वीर एआई की मदद से तैयार की गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। Valmiki Tiger Reserve Safari: वाल्मीकिनगर आने वाले पर्यटकों के लिए जंगल सफारी का अनुभव अब और भी खास होने वाला है।
वन विभाग की ओर से जंगल सफारी के लिए छह नए आधुनिक जीप वाहनों को शामिल किया गया है, जिससे पर्यटकों को बेहतर और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।
वन क्षेत्र पदाधिकारी सत्यम कुमार ने बताया कि वाल्मीकिनगर रेंज को ये छह नई जीप सफारी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। फिलहाल इनका निबंधन कार्य प्रगति पर है। प्रक्रिया पूरी होते ही इन सभी वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद पर्यटक नए लुक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वाहनों में जंगल भ्रमण कर सकेंगे।
कुल 10 वाहन उपलब्ध
वर्तमान में वाल्मीकिनगर रेंज में जंगल सफारी के लिए कुल 10 वाहन उपलब्ध हैं, जिनमें आठ सरकारी और दो निजी वाहन शामिल हैं। लेकिन पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण कई बार समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। ऐसे में नए वाहनों के जुड़ने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है और पर्यटकों को समय पर सफारी का अवसर मिल सकेगा।
सुविधाओं के विस्तार से बढ़ेगा आकर्षण
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग द्वारा अन्य कई महत्वपूर्ण पहल भी की जा रही हैं। बेलवा घाट पर पर्यटकों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया है, जहां वे आराम कर सकते हैं। इसके अलावा जंगल कैंप परिसर में हिरण और बाघ के आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जो खासकर युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं।
साथ ही वन भोज गृह का भी नवीनीकरण किया जा रहा है। पहले इसका आकार छोटा था, लेकिन अब इसे विस्तारित कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि अधिक संख्या में पर्यटक यहां भोजन और विश्राम का लाभ उठा सकें।
खबरें और भी
सफारी की पूरी जानकारी
पश्चिमी चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) बिहार का एकमात्र टाइगर रिजर्व है। यहां की जंगल सफारी वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक अनुभव प्रदान करती है।
सफारी का समय और स्लॉट
जंगल सफारी प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाती है:
- सुबह: 06:00 AM से 08:00 AM और 08:00 AM से 10:00 AM
- शाम: 03:00 PM से 04:30 PM और 04:30 PM से 06:00 PM
- नोट: प्रत्येक मंगलवार को सफारी बंद रहती है।
सफारी के प्रकार और शुल्क (अनुमानित)
पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग विकल्प चुन सकते हैं:
- जिप्सी सफारी: 6 वयस्क, लगभग ₹2,400 प्रति वाहन (वाल्मीकिनगर, गोबर्धना, मंगुराहा)
- कैंटर सफारी: 12 वयस्क, लगभग ₹400 प्रति व्यक्ति (मुख्य रूप से वाल्मीकिनगर)
- मोटर बोट सफारी: लगभग ₹118 प्रति व्यक्ति (गंडक नदी, वाल्मीकिनगर)
मुख्य प्रवेश द्वार (Entry Points)
- वाल्मीकिनगर: सबसे लोकप्रिय, गंडक बैराज और ईको पार्क प्रमुख आकर्षण
- गोबर्धना: ट्रैकिंग, परेवा दह झरना और सोमेश्वर कालिका मंदिर के लिए प्रसिद्ध
- मंगुराहा: घास के मैदान और लालभितिया सनसेट प्वाइंट के लिए जाना जाता है
बुकिंग कैसे करें
पर्यटक आधिकारिक वेबसाइट valmikitigerreserve.com पर जाकर सफारी और ठहरने (ईको हट/बांस हट) की अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के लिए आधार कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र आवश्यक होता है।
घूमने का सबसे अच्छा समय
- अक्टूबर से मार्च: मौसम सुहावना, वन्यजीव दिखने की संभावना अधिक
- अप्रैल से जून: गर्मी के बावजूद जानवर पानी के पास आसानी से दिखते हैं
- जुलाई से सितंबर: मानसून में सुरक्षा कारणों से सफारी अक्सर बंद रहती है
नई जीप सफारी और लगातार विकसित हो रही सुविधाओं के साथ वाल्मीकिनगर का पर्यटन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में यहां पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे इस क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।