पश्चिम चंपारण में भूमि विवाद को लेकर 50 से अधिक परिवारों को नोटिस, फिर होगी पैमाइश
पश्चिम चंपारण के सेमरी गांव में जमीन विवाद को लेकर 50 से अधिक परिवारों को नोटिस जारी किया गया है। ...और पढ़ें

संबंधित स्थल का पुनः निरीक्षण और पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। फाइल फोटो
HighLights
पश्चिम चंपारण में जमीन विवाद पर 50+ नोटिस जारी।
उच्च न्यायालय के निर्देश पर पुनः पैमाइश होगी।
भूमिहीन परिवारों को बासगीत भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
संवाद सूत्र, नवलपुर (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Land Dispute: मनुआपुल-नवलपुर मुख्य मार्ग स्थित सेमरी गांव में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंचल कार्यालय की ओर से मामले में 50 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया गया है। संबंधित स्थल का पुनः निरीक्षण और पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सेमरी गांव निवासी पारस बैठा ने जमीन विवाद को लेकर मामला दर्ज कराया था। वर्षों तक चली सुनवाई के बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में योगापट्टी की तत्कालीन अंचलाधिकारी प्रज्ञा नयनम और नवलपुर थानाध्यक्ष की मौजूदगी में मनोज राम और विनोद राम, दोनों सगे भाइयों की गैरमजरुआ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। इसके बाद पीड़ित मनोज राम ने मामले को उच्च न्यायालय के समक्ष रखा।
मामले पर गंभीरता से विचार करने के बाद न्यायालय ने योगापट्टी के अंचलाधिकारी को संबंधित स्थल का पुनः निरीक्षण और पैमाइश करने का निर्देश दिया। इसके बाद अंचल कार्यालय की ओर से गुरुवार की शाम 50 से अधिक परिवारों को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में संबंधित लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष शांतिपूर्ण तरीके से रखने को कहा गया है।
योगापट्टी के अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि स्थल की दोबारा जांच और पैमाइश के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में जो लोग भूमिहीन पाए जाएंगे, उनके लिए बासगीत की भूमि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, जिला परिषद की भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा।
प्रशासन न्यायालय के आदेश के अनुरूप आगे की कार्रवाई करेगा। संबंधित स्थल की दोबारा पैमाइश और जांच के बाद ही भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
